#Balrampur ! सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन का 'सर्जिकल स्ट्राइक', 255 वाहनों पर गाज, ₹3.37 लाख जुर्माना वसूल...
जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ चेकिंग अभियान से हड़कंप, 255 चालान; एक्सीडेंट रोकने को डीएम का 'ज़ीरो टॉलरेंस' एक्शन...
#बलरामपुर: सड़क दुर्घटनाओं पर नकेल कसने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के कड़े निर्देशों पर गुरुवार को पूरे जनपद में सड़क सुरक्षा का ‘वन डे विशेष अभियान’ चलाकर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। जनपद की तीनों तहसीलों में एक साथ शुरू हुए इस महाअभियान से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
प्रमुख चौराहों और व्यस्ततम मार्गों पर चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 255 वाहनों का चालान किया गया, जबकि विभिन्न उल्लंघनों पर कुल ₹3,37,500 का भारी जुर्माना ठोका गया।
नियम तोड़े तो खैर नहीं, मौके पर दी हिदायत
चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों, चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट न लगाने वालों और ओवरस्पीडिंग करने वालों पर सख्त रुख अपनाया गया। कार्रवाई के साथ-साथ प्रवर्तन टीमों ने चालकों को सुरक्षा नियमों का पाठ भी पढ़ाया। अधिकारियों ने स्पष्ट हिदायत दी कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल और नशे की हालत में ड्राइविंग जानलेवा साबित हो सकती है।
27 अगस्त के बाद दूसरा बड़ा जनपदव्यापी प्रहार
सड़क हादसों में कमी लाने के लिए प्रशासन लगातार ऐसे कड़े कदम उठा रहा है। इससे पहले 27 अगस्त को चलाए गए विशेष अभियान में 263 वाहनों का चालान कर ₹3.32 लाख का जुर्माना वसूला गया था, साथ ही 76 स्कूल वाहन चालकों का नेत्र परीक्षण भी कराया गया था।
चालान नहीं, सुरक्षित ड्राइविंग की आदत डालना मकसद: डीएम
जिला प्रशासन का कहना है कि लगातार चलाए जा रहे इन अभियानों का मकसद सिर्फ जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि वाहन चालकों में जिम्मेदार ड्राइविंग की आदत विकसित करना है। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने साफ किया है कि जागरूकता और कार्रवाई का यह संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे गति सीमा में वाहन चलाएं और सुरक्षा मानकों का पालन कर अपने सफर को महफूज बनाएं।
#balrampur #balrampurpolic #dmbalrampur