#बलरामपुर: यूपी-112 की समीक्षा बैठक, एएसपी ने दिए सख्त निर्देश, रिस्पांस टाइम में ढिलाई पर होगी कड़ी कार्रवाई...
#बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में गुरुवार को अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) विशाल पाण्डेय ने एसपी कार्यालय सभागार में 'यू0पी0 112' कर्मियों के साथ समीक्षा गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) कर्मियों की कार्यप्रणाली को परखते हुए रिस्पांस टाइम न्यूनतम करने, जनता के साथ सहयोगात्मक आचरण बनाए रखने और आगामी त्योहारों के दृष्टिगत सतर्कता बरतने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि डायल-112 पर आने वाली हर कॉल को अत्यंत गंभीरता से लिया जाए। पीड़ित को तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए मौके पर पहुंचने का समय न्यूनतम होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि रिस्पांस टाइम में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी कर्मियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
आमजन से शालीनता और त्योहारों पर कड़ी निगरानी के निर्देश
एएसपी विशाल पाण्डेय ने कर्मियों को महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के साथ विशेष रूप से शालीन व संवेदनशील व्यवहार करने की हिदायत दी। आगामी त्योहारों को देखते हुए उन्होंने पीआरवी को अपने रूट चार्ट के अनुसार नियमित गश्त करने और बाजारों, धार्मिक स्थलों व संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर रखने को कहा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना कंट्रोल रूम और संबंधित थाना प्रभारी को देने का निर्देश दिया।
बैठक के अंत में उन्होंने याद दिलाया कि 'यूपी-112' पुलिस की प्रथम सहायता इकाई है, जिसकी कार्यशैली पर पूरी पुलिस व्यवस्था की छवि निर्भर करती है। उन्होंने वाहनों के रख-रखाव और एमडीटी, बॉडी वार्न कैमरा, वायरलेस सेट जैसे तकनीकी उपकरणों को हमेशा क्रियाशील रखने को कहा। गोष्ठी में प्रभारी यूपी-112 सहित जनपद का पीआरवी स्टाफ मौजूद रहा।
#balrampur #balrampurpolic