आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को योगी सरकार की बड़ी सौगात, मानदेय में ₹4 हजार तक की बढ़ोतरी
कार्यकत्रियों का मानदेय ₹8 हजार से बढ़कर ₹12 हजार, सहायिकाओं को अब ₹6 हजार मिलेंगे; ₹5 लाख स्वास्थ्य बीमा और कैशलेस इलाज की भी घोषणा
बलरामपुर, 08 सितंबर 2026।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ी सौगात की घोषणा की है। अयोध्या में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय ₹8 हजार से बढ़ाकर ₹12 हजार तथा सहायिकाओं का मानदेय ₹4 हजार से बढ़ाकर ₹6 हजार करने की घोषणा की। इसके साथ ही दोनों को ₹5 लाख का स्वास्थ्य बीमा कवर और ₹5 लाख तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने का ऐलान किया गया।
मुख्यमंत्री की घोषणा का सजीव प्रसारण बलरामपुर कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने देखा।
बलरामपुर की 4366 कर्मियों को मिलेगा लाभ
मानदेय में बढ़ोतरी से जनपद की 2183 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और 2183 सहायिकाएं, यानी कुल 4366 कर्मी, लाभान्वित होंगी। मानदेय वृद्धि के साथ स्वास्थ्य बीमा और कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिलने से आंगनबाड़ी कर्मियों को आर्थिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा का भी लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में बलरामपुर सदर विधायक पल्टूराम, जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह 'धीरू' समेत संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
पोषण पोटली का भी हुआ वितरण
कार्यक्रम के दौरान पोषण अभियान के तहत महिलाओं एवं बच्चों को पोषण पोटली वितरित की गई। अधिकारियों ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण तथा कुपोषण की रोकथाम में आंगनबाड़ी केंद्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
विधायक पल्टूराम ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं सरकार की मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण और बाल विकास से जुड़ी योजनाओं को गांव-गांव और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। मानदेय में वृद्धि और स्वास्थ्य सुरक्षा का निर्णय उनके योगदान के प्रति सरकार के सम्मान को दर्शाता है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर खुशी जताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।