विनोद हत्याकांड: परिवार से मिलने जा रहे सपा-नेता को रोका : गोंडा-लखनऊ हाईवे पर 2 घंटे तक जमे रहे सपा कार्यकर्ता, पुलिस से हुई बहस
गोंडा। बर्तन व्यापारी विनोद साहनी हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को शुक्रवार दोपहर पुलिस ने गोंडा-लखनऊ बॉर्डर पर रोक दिया। इसके विरोध में सपा नेता और कार्यकर्ता करीब दो घंटे तक गोंडा-लखनऊ हाईवे पर बैठे रहे और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
पुलिस से काफी देर तक बहस और समझाइश के बाद सपा पिछड़ा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप, सपा नेता सूरज सिंह, जिलाध्यक्ष अरशद हुसैन, पूर्व मंत्री संजय विद्यार्थी और सरफराज हुसैन सोनू समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर करनैलगंज कोतवाली ले जाया गया।
हालांकि, करनैलगंज कोतवाल ने स्पष्ट किया कि किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।
हाईवे पर बैठकर किया विरोध
सपा नेताओं का कहना है कि वे विनोद साहनी के परिवार से मिलने और हत्याकांड की जानकारी लेने जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें गोंडा-लखनऊ बॉर्डर पर रोक दिया।
इसके बाद सपा नेता और कार्यकर्ता सड़क पर ही बैठ गए और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति को देखते हुए करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय और रामनगर, बाराबंकी के थाना प्रभारी ने करीब दो घंटे तक नेताओं को समझाने का प्रयास किया।
जब सपा नेता आगे जाने की जिद पर अड़े रहे तो पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर करनैलगंज कोतवाली ले गई।
राजपाल कश्यप बोले- “सरकार डरती है तो पुलिस को आगे कर देती है”
सपा पिछड़ा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप ने पुलिस की कार्रवाई पर नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि “सरकार डरती है तो पुलिस को आगे कर देती है।”
राजपाल कश्यप ने कहा कि वे सिर्फ पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे, लेकिन उन्हें परिवार से मिलने तक नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछड़े समाज के एक नेता की हत्या हुई है और उसके परिवार से मिलने से भी रोका जा रहा है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
सूरज सिंह ने कहा- “लोकतंत्र की हत्या”
सपा नेता सूरज सिंह ने कहा कि पार्टी के नेता पीड़ित परिवार से मिलने और घटना की जानकारी लेने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया।
उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे “लोकतंत्र की हत्या” और “पुलिस की गुंडागर्दी” बताया।
कोतवाल बोले- गिरफ्तारी नहीं, हिरासत में लेकर समझाया जा रहा
करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि सपा नेताओं को रोका जा रहा था, लेकिन वे आगे जाने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें समझाने की कोशिश की।
कोतवाल के मुताबिक, नेताओं को हिरासत में लेकर करनैलगंज कोतवाली लाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है।
विनोद साहनी हत्याकांड के बाद अब पीड़ित परिवार से मिलने को लेकर सपा नेताओं को रोके जाने से गोंडा में राजनीतिक माहौल और गरमा गया है।
#Gonda #GondaNews #VinodSahni #SamajwadiParty #RajpalKashyap #SP #UPNews