#Balrampur ! डीएम विपिन कुमार जैन ने श्रीदत्तगंज के दारीचौरा व पिपरी कोल्हुई का किया औचक निरीक्षण
• डिजिटल लाइब्रेरी और पंचायत सचिवालयों का लिया जायजा; युवाओं को डिजिटल पढ़ाई से जोड़ने के सख्त निर्देश
• पिपरी कोल्हुई प्राथमिक विद्यालय में जलभराव की समस्या पर जताई नाराजगी, जल निकासी के स्थायी समाधान के दिए आदेश
श्रीदत्तगंज/बलरामपुर (विशेष संवाददाता)।
ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की हकीकत परखने और सरकारी सुविधाओं की स्थिति जानने के लिए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने शुक्रवार को विकास खंड श्रीदत्तगंज का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत दारीचौरा (जीतनगर) और पिपरी कोल्हुई में पंचायत सचिवालय, डिजिटल लाइब्रेरी एवं प्राथमिक विद्यालय का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के कड़े दिशा-निर्देश दिए।
डिजिटल लाइब्रेरी का हो व्यापक प्रचार-प्रसार, युवाओं को मिले लाभ
ग्राम पंचायत दारीचौरा (जीतनगर) एवं पिपरी कोल्हुई में संचालित डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं की गहन समीक्षा की। डीएम ने कहा कि ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए डिजिटल लाइब्रेरी बेहद उपयोगी साबित हो सकती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए ताकि अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं इसका लाभ उठा सकें।
परिवार रजिस्टर की समीक्षा, अभिलेख अद्यतन रखने की हिदायत
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत के परिवार रजिस्टर और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का भी अवलोकन किया। उन्होंने पंचायत कर्मियों को निर्देश दिया कि परिवार रजिस्टर सहित गांव के सभी आवश्यक सरकारी दस्तावेजों को पूरी तरह व्यवस्थित और समय-समय पर अद्यतन (अपडेट) रखा जाए, जिससे ग्रामीणों को किसी भी कार्य के लिए परेशान न होना पड़े।
प्राथमिक विद्यालय में जलभराव पर कड़ा रुख
पिपरी कोल्हुई स्थित प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान बारिश में होने वाले जलभराव की समस्या सामने आई। इस पर डीएम ने सख्त रुख अपनाते हुए जल निकासी की स्थायी और प्रभावी व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों के पठन-पाठन में जलभराव से कोई बाधा नहीं आनी चाहिए और विद्यालय में सुरक्षित व स्वच्छ माहौल मिलना अनिवार्य है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
#balrampur #dmbalrampur