#Balrampur ! ‘अगले बरस फिर आना कान्हा’: #उतरौला में बाजे-गाजे के साथ निकली श्रीकृष्ण विसर्जन शोभायात्रा, जन्मोत्सव संपन्न...
दुखहरण नाथ मंदिर पर हुआ विसर्जन, एसडीएम की अगुवाई में देर रात तक डटा रहा पुलिस बल
#उतरौला (#बलरामपुर)। अगले वर्ष भक्तों के आंगन में पुनः पधारने के वादों और जयकारों के बीच भगवान श्रीकृष्ण को बाजे-गाजे के साथ भावभीनी विदाई दी गई। इसके साथ ही क्षेत्र में बीते सात दिनों से उल्लासपूर्वक चल रहे श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का समापन हो गया।
गुरुवार रात नगर के ज्वाला महारानी मंदिर पर दर्जनों आकर्षक झांकियां एकत्र हुईं। यहां से डीजे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की भक्तिमय धुनों पर थिरकते श्रद्धालुओं के साथ जुलूस डाकघर पहुंचा, जहां से भव्य विसर्जन यात्रा शुरू हुई। नगर के मुख्य मार्गों से गुजरती हुई शोभायात्रा दुखहरण नाथ मंदिर पहुंची, जहां प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मार्ग में स्थान-स्थान पर स्थानीय लोगों द्वारा मिष्ठान व पेयजल का प्रबंध किया गया था। रात लगभग दो बजे विसर्जन कार्यक्रम सकुशल संपन्न हुआ।
विसर्जन जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एसडीएम योगेंद्र शरण शाह कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ देर रात तक मुस्तैद रहे। इससे पूर्व मंगलवार रात छठी के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर विशाल भंडारे आयोजित किए गए, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। सात दिवसीय जन्मोत्सव के दौरान उतरौला नगर समेत हासिमपारा, लालगंज, शाहपुर इटई, बेथूइया और खजुहा में भी विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आयोजन को सफल बनाने में चेयरमैन प्रतिनिधि अनूप गुप्त, संतोष कसौंधन, विक्की गुप्ता, जीतू कौशल, संजय कौशल, शुभम गुप्ता, अमन कुमार, अंशु गुप्ता, सचिन गुप्ता, संजय गुप्ता, मनीष कौशल, रूपेश कुमार गुप्ता, मयंक गिरि व आशीष कसौधन समेत क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों का सराहनीय योगदान रहा।
#balrampur #Utraula