#Balrampur ! देवीपाटन शक्तिपीठ में शारदीय नवरात्रि मेले की भव्य तैयारियां शुरू: डीएम, एसपी और महंत योगी मिथलेश नाथ ने परखीं व्यवस्थाएं...
#बलरामपुर: प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर में 11 अक्टूबर से आयोजित होने वाले ऐतिहासिक शारदीय नवरात्रि मेले को सुरक्षित, स्वच्छ और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। शुक्रवार को मंदिर परिसर के सभागार में महंत योगी मिथलेश नाथ की अध्यक्षता, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन तथा पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में पहली उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, स्वास्थ्य, सफाई, बिजली और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
सुरक्षा व्यवस्था की प्रमुख बातें:
कड़ा पहरा: मेले में 823 सिविल, ट्रैफिक और एलआईयू पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी की 02 प्लाटून, महिला बल, फायर टेंडर और वायरलेस टीमें तैनात रहेंगी।
हाइटेक निगरानी: मेला क्षेत्र में 30 सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन, बैगेज स्कैनर, एचएचएमडी और डीएफएमडी से चौबीसों घंटे निगरानी होगी।
विशेष दस्तें: सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एटीएस, बीडीएस (बम निरोधक दस्ता), डॉग स्क्वायड और सादे कपड़ों में एलआईयू टीमें गश्त करेंगी।
ट्रैफिक व पार्किंग: जाम से निपटने के लिए प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन प्लान लागू कर निर्धारित स्थलों पर पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी।
नागरिक सुविधाएं और अन्य इंतजाम:
24 घंटे चिकित्सा: परिसर में अस्थायी अस्पताल की स्थापना होगी, जहाँ पर्याप्त डॉक्टर, दवाएं और 108 एम्बुलेंस मुस्तैद रहेंगी।
स्वच्छता व बिजली: नगर पंचायत द्वारा विशेष सफाई अभियान और मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था होगी। वहीं, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और रिजर्व ट्रांसफार्मर रखने के निर्देश दिए गए हैं।
परिवहन सुविधा: श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए अतिरिक्त बसें, सहायता केंद्र तथा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी बल व अतिरिक्त टिकट काउंटर चालू रहेंगे।
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने स्पष्ट किया कि मेले की शुरुआत से पहले सभी तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा और अगली बैठक में विभागों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा होगी।
#balrampur #dmbalrampur