#Balrampur ! पिपरा पुल से उफनती नदी में कूदी युवती, गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों ने देवदूत बनकर बचाई जान
• एसपी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने थाना गौरा चौराहा के हेड कांस्टेबल वीरेंद्र कुमार व कांस्टेबल मुकेश यादव की जांबाजी को सराहा; प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
#बलरामपुर । कर्तव्यपरायणता और मानवीय संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए थाना गौरा चौराहा पुलिस टीम ने मौत के मुंह में समा रही एक युवती को सकुशल बचा लिया। पिपरा पुल के पास गश्त के दौरान घटी इस घटना में पुलिस जवानों की त्वरित सूझबूझ और अदम्य साहस की सर्वत्र सराहना हो रही है। इस जांबाजी के लिए शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक बलरामपुर श्री मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने दोनों पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर विशेष रूप से सम्मानित किया।
पुल से छलांग लगाते ही नदी में कूद पड़े जवान
प्राप्त विवरण के अनुसार, 10 सितंबर की देर रात्रि थाना गौरा चौराहा क्षेत्रान्तर्गत पिपरा पुल के पास हेड कांस्टेबल वीरेंद्र कुमार एवं कांस्टेबल मुकेश यादव अपनी नियमित रात्रि गश्त ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक युवती एकाएक पिपरा पुल पर पहुंची और जब तक कोई कुछ समझ पाता, उसने पुल से नीचे गहरी नदी में छलांग लगा दी।
युवती को नदी में गिरते देख ड्यूटी पर मौजूद दोनों जवानों ने बिना एक पल गंवाए और अपनी जान की परवाह किए बिना उफनती नदी में छलांग लगा दी। पुलिसकर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
काउंसलिंग के बाद परिजनों के किया सुपुर्द
युवती को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल उसके परिजनों से संपर्क किया। सूचना मिलते ही युवती का भाई व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों द्वारा युवती एवं परिजनों की काउंसलिंग की गई तथा आवश्यक ढांढस व सहयोग प्रदान करते हुए उसे सकुशल परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया गया।
"पुलिसकर्मियों का कर्तव्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि संकट के समय प्रत्येक व्यक्ति के जीवन और सुरक्षा की रक्षा करना भी है। जवानों की यह तत्परता व साहस यूपी पुलिस की सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।"
— मार्तण्ड प्रकाश सिंह (पुलिस अधीक्षक, बलरामपुर)
पुलिस टीम की इस सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता की स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है।
#balrampur #balrampurpolic