
#बलरामपुर : #गैड़ास बुजुर्ग में 5 दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण का पहला चरण संपन्न, नवीन शिक्षण पद्धतियों पर दिया गया बल...
रिपोर्ट-इमरान अली शाह
#बलरामपुर। निपुण भारत मिशन के अंतर्गत प्राथमिक स्तर के विद्यार्थियों में आधारभूत साक्षरता और संख्याज्ञान (FLN) को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ब्लॉक संसाधन केंद्र (BRC) गैड़ास बुजुर्ग में आयोजित पांच दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण के पहले चरण का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रशिक्षण के शुभारंभ तथा समापन अवसर पर प्रतिभागी शिक्षकों का ऑनलाइन प्री एवं पोस्ट टेस्ट आयोजित कर उनकी दक्षता का मूल्यांकन किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान संदर्भदाता (ARP) डॉ. मनोज कुमार दूबे, रामगोपाल शुक्ला, मनीष पाण्डेय, उत्कर्ष मोहन श्रीवास्तव एवं वाचस्पति पाण्डेय ने शिक्षकों को आधुनिक शैक्षणिक तकनीकों से अवगत कराया। कार्यशाला में शिक्षकों को निपुण टीचर ऐप, ज्ञान समीक्षा ऐप और निपुण प्लस ऐप के प्रभावी उपयोग के साथ-साथ विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता के आकलन अनुसार शिक्षण पद्धतियां सिखाई गईं। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP 2020), राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा (NCF 2023) एवं नवीन निपुण लक्ष्यों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
नवीन पाठ्य-पुस्तकों और टीएलएम के उपयोग पर जोर
कार्यशाला के दौरान नवीन पाठ्य-पुस्तकों—वीणा, सारंगी, मृदंग, आनंदमय गणित, गणित मेला एवं संतूर—सहित आधारशिला क्रियान्वयन संदर्शिका व कार्यपुस्तिकाओं के सटीक प्रयोग पर विशेष प्रकाश डाला गया। शिक्षकों को उपचारात्मक शिक्षण, प्रिंट-रिच सामग्री, जीआरआर (GRR) पद्धति, प्रवाहपूर्ण पठन, स्वतंत्र लेखन, साप्ताहिक आकलन और बच्चों की प्रगति ट्रैकर व तालिकाओं को अद्यतन करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए।
लक्ष्य हासिल करने वाले स्कूल बनेंगे 'निपुण विद्यालय'
समापन अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) डॉ. स्वामीनाथ ने शिक्षकों का आह्वान करते हुए कहा कि प्रशिक्षण में सीखी गई तकनीकों और रणनीतियों को अपनी कक्षाओं में पूरी निष्ठा से लागू करें, ताकि बच्चों को निर्धारित समय सीमा में निपुण लक्ष्य तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने घोषणा की कि लक्ष्य हासिल करने वाले प्राथमिक विद्यालयों को 'निपुण विद्यालय' के रूप में सम्मानित एवं विकसित किया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षक हामिद अली, राजेश कुमार दूबे, दीपक मिश्रा, राकेश यादव, अमर सिंह, मोनिका त्यागी, रश्मि त्रिपाठी एवं सीमा यादव सहित कई अन्य शिक्षकों ने अपने अनुभव व विचार साझा किए और प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी बताया।
#balrampur #dmbalrampur #bsabalrampur