ई-निबंधन व्यवस्था को गति देने के लिए डीएम ने किया पुनः निरीक्षण
जहानाबाद। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने मंगलवार को निबंधन कार्यालय, जहानाबाद का पुनः निरीक्षण कर ई-निबंधन व्यवस्था के क्रियान्वयन एवं प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नई व्यवस्था को आम नागरिकों के लिए सरल, सहज और पारदर्शी बनाया जाए तथा आवश्यक तकनीकी सहयोग उपलब्ध कराया जाए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि पेपरलेस व्यवस्था का अर्थ यह नहीं है कि निबंधित दस्तावेज की कागजी प्रति लाभुकों को नहीं मिलेगी। पेपरलेस व्यवस्था मुख्य रूप से सरकारी अभिलेखों और विभागीय प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण से संबंधित है। निबंधन प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित पक्षकारों को निबंधित दस्तावेज की हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई जाती रहेगी।
निरीक्षण के दौरान ई-निबंधन की तकनीकी प्रक्रिया, दस्तावेजों के निष्पादन और आम नागरिकों व सेवा प्रदाताओं को मिल रही सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। सेवा प्रदाताओं को ई-निबंधन प्रणाली से सुचारू रूप से जोड़ने के लिए हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग एवं आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया है।
ई-निबंधन को लेकर लोगों में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने के लिए 27 अगस्त को जिले के सभी अंचलों में जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। इसमें निबंधन कार्यालय के कर्मी उपस्थित रहकर नागरिकों एवं सेवा प्रदाताओं को प्रक्रिया की जानकारी और तकनीकी सहायता देंगे।
ई-निबंधन के लिए निर्धारित नौ दस्तावेजों में सफलतापूर्वक निबंधित दस्तावेजों की हार्ड कॉपी डीएम ने स्वयं श्री अमरजीत कुमार एवं श्री सत्येन्द्र कुमार को प्रदान की। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था का उद्देश्य निबंधन प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी, सुरक्षित और तकनीक आधारित बनाना है।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे ई-निबंधन को लेकर किसी भी प्रकार की भ्रांति से बचें और 27 अगस्त को आयोजित जागरूकता शिविरों का लाभ उठाएं।