पेपरलेस निबंधन को लेकर दूर की भ्रांतियां, डीएम ने किया जिला निबंधन कार्यालय का निरीक्षण
जहानाबाद। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने सोमवार को जिला निबंधन कार्यालय का निरीक्षण कर पेपरलेस निबंधन व्यवस्था की प्रक्रिया का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद उन्होंने मीडिया के माध्यम से आमलोगों को नई व्यवस्था की जानकारी दी और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर किया।
डीएम ने बताया कि बिहार सरकार की नई डिजिटल निबंधन व्यवस्था ऑनलाइन, पारदर्शी, सरल और सुरक्षित है। बिक्री, दान, विनिमय समेत विभिन्न प्रकार के दस्तावेज विभाग द्वारा निर्धारित मानक प्रारूप में सिस्टम के माध्यम से तैयार किए जा रहे हैं। संबंधित व्यक्ति के आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से डिजिटल सत्यापन और हस्ताक्षर किया जाता है। इससे किसी दूसरे व्यक्ति द्वारा गलत तरीके से हस्ताक्षर या हेराफेरी की आशंका कम होगी। उन्होंने लोगों से ओटीपी साझा करने से पहले मोबाइल पर प्राप्त विवरण को ध्यान से पढ़ने की अपील की।
डीएम ने स्पष्ट किया कि पेपरलेस निबंधन का मतलब यह नहीं है कि निबंधन के बाद दस्तावेज की कागजी प्रति नहीं मिलेगी। यह व्यवस्था मुख्य रूप से सरकारी अभिलेखों और विभागीय प्रक्रिया को डिजिटल बनाने के लिए लागू की गई है। निबंधन के बाद दस्तावेज की प्रति पूर्व की तरह उपलब्ध होगी। साथ ही उसकी सॉफ्ट कॉपी भी संबंधित व्यक्ति के मोबाइल पर मिलेगी। डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रहने से दस्तावेज के गुम होने, फटने या क्षतिग्रस्त होने की चिंता भी कम होगी।
उन्होंने बताया कि आमलोग अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से निबंधन की प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं। जिला अवर निबंधक कार्यालय में हेल्प डेस्क के जरिए नि:शुल्क मार्गदर्शन भी दिया जाएगा। डीड राइटर पूर्व की तरह सेवा प्रदाता के रूप में लोगों की सहायता करते रहेंगे। उन्हें नई डिजिटल व्यवस्था का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा प्रखंड स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को व्यवस्था की जानकारी दी जाएगी।
जिला निबंधन कार्यालय में सोमवार को पेपरलेस प्रक्रिया के तहत पांच लोगों का निबंधन किया गया। डीएम ने स्वयं श्रीमती गीता देवी, पति मंटू कुमार दांगी तथा श्रीमती रागिनी कुमारी, पति महेश कुमार को निबंधन के बाद उनके दस्तावेज की प्रति प्रदान की।
डीएम ने जिलेवासियों से पेपरलेस निबंधन व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार की भ्रांति नहीं रखने और सुरक्षित, पारदर्शी एवं सुविधाजनक डिजिटल निबंधन व्यवस्था का लाभ उठाने की अपील की।