स्टॉर्म ड्रेनेज परियोजना के कार्य में तेजी; 15 स्थलों पर काम जारी, 72 प्रतिशत भौतिक प्रगति
जहानाबाद: जिला पदाधिकारी, जहानाबाद छिरिङ वाई भूटिया के निर्देशानुसार शहर में जलनिकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से स्टॉर्म ड्रेनेज परियोजना के कार्य में तेजी लाई गई है। बुडको द्वारा शहर के विभिन्न हिस्सों में परियोजना का कार्य कराया जा रहा है। कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
वर्तमान में परियोजना के तहत कुल 15 स्थलों पर कार्य प्रगति में है। इनमें राजा बाजार, फिदा हुसैन, डीएम आवास, अलगना मोड़, काको रोड, टेनीबिगहा सहित अन्य प्रमुख स्थल शामिल हैं। परियोजना में अब तक 72 प्रतिशत भौतिक प्रगति दर्ज की गई है।
जिला पदाधिकारी ने बुडको के संबंधित पदाधिकारियों, अभियंताओं एवं कार्यकारी एजेंसी को कार्य की गति बनाए रखने के साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया है। उन्होंने सभी शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा है।
जिला पदाधिकारी ने स्टॉर्म ड्रेनेज परियोजना का कार्य अक्टूबर माह तक पूर्ण करने का निर्देश दिया है, ताकि शहर में जलनिकासी की व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।