जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार अक्रियाशील नल-जल योजनाओं को क्रियाशील करने की दिशा में लगातार प्रगति; अब तक 33 योजनाएं हुईं दुरुस्त
जहानाबाद छिरिङ वाई भूटिया के निर्देशानुसार जिले में अक्रियाशील नल-जल योजनाओं को शीघ्र दुरुस्त कर क्रियाशील करने की दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है। आमजनों को निर्बाध एवं सुचारू पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संबंधित विभाग द्वारा प्राथमिकता के आधार पर मरम्मति कार्य कराया जा रहा है।
जिले में पूर्व में कुल 82 नल-जल योजनाएं अक्रियाशील पाई गई थीं। जिला पदाधिकारी द्वारा इसकी समीक्षा करते हुए कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी को सभी अक्रियाशील योजनाओं को चरणबद्ध तरीके से शीघ्र दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया था। उक्त निर्देश के आलोक में लगातार मरम्मति कार्य कराया जा रहा है।
वर्तमान प्रगति के अनुसार पूर्व में 23 अक्रियाशील नल-जल योजनाओं को दुरुस्त कर क्रियाशील किया जा चुका था तथा आज पुनः 10 योजनाओं की मरम्मति पूर्ण कर उन्हें क्रियाशील किया गया। इस प्रकार अब तक कुल 33 अक्रियाशील नल-जल योजनाओं को दुरुस्त कर चालू किया जा चुका है तथा वर्तमान में 49 योजनाएं शेष हैं।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को शेष 49 अक्रियाशील नल-जल योजनाओं की मरम्मति भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने तथा कार्य की प्रगति की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी को दिया।
जिला प्रशासन द्वारा आमजनों को सुचारू पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अक्रियाशील नल-जल योजनाओं को क्रियाशील करने की कार्रवाई लगातार जारी है।