Public App Logo
Profile Picture

राजेश कुमार

@rajeshkumar91997945
3221Followers
1Following
हुलासगंज में नकली दवाओं व कॉस्मेटिक उत्पादों के अवैध भंडारण का भंडाफोड़
जहानाबाद : हुलासगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली दवाओं और कॉस्मेटिक उत्पादों के अवैध कारोबार का भंडाफोड़ किया है। ब्रांड प्रोटेक्शन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के फील्ड ऑफिसर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को पुलिस ने छापेमारी कर विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के नाम पर तैयार किए गए नकली उत्पादों की बड़ी खेप बरामद की।
बरामद सामान में Alembic Pharmaceuticals Ltd., Alkem Laboratories, Eris, Cipla Ltd., Dabur India Ltd. और Himalaya समेत कई कंपनियों के नाम पर तैयार किए गए नकली दवाइयां एवं कॉस्मेटिक उत्पाद शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन उत्पादों को अवैध तरीके से भंडारित कर कारोबार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद छापेमारी दल गठित कर कार्रवाई की गई।
मामले में हुलासगंज थाना कांड संख्या 335/26, 15 सितंबर 2026 को दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63/65, ट्रेड मार्क्स अधिनियम की धारा 103/104 तथा ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 18(ए)/18(सी) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली दवाओं एवं कॉस्मेटिक उत्पादों के इस कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है। मामले की विस्तृत जांच और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए कार्रवाई जारी है।
दलहन-तिलहन का रकबा 10 से 15 प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य, ‘जहानाबाद ब्रांड’ विकसित करने पर जोर
इकोनामिक टास्क फोर्स की बैठक
जहानाबाद : समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में मंगलवार को जिला पदाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया की अध्यक्षता में इकोनामिक टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें जिले की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
बैठक में डीएम ने जिला कृषि पदाधिकारी को दलहन एवं तिलहन फसलों के आच्छादन क्षेत्र में 10 से 15 प्रतिशत तक वृद्धि करने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए किसानों को जागरूक और प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया। उन्होंने किसानों को समेकित कृषि प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित करने पर भी जोर दिया।
डीएम ने त्रिस्तरीय फार्मिंग सिस्टम के तहत मछलीपालन, मुर्गीपालन और सौर ऊर्जा को एकीकृत रूप से बढ़ावा देने का निर्देश दिया। इसके लिए प्रत्येक प्रखंड से 10 सक्षम एवं इच्छुक किसानों का चयन करने को कहा गया।
उन्होंने जिला उद्योग महाप्रबंधक और जिला योजना पदाधिकारी को संयुक्त रूप से इलेक्ट्रीशियन एवं दर्जी के क्षेत्र में कम-से-कम 100 कुशल लोगों का चयन कर उन्हें संगठित एवं प्रोत्साहित करने का निर्देश दिया, ताकि इन क्षेत्रों में ‘जहानाबाद ब्रांड’ विकसित किया जा सके।
इसके अलावा जिला उद्यान पदाधिकारी को हल्दी समेत अन्य मसाला फसलों की खेती को बढ़ावा देने और किसानों के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार व जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से ही बढ़ेगी विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति
 जहानाबाद : अब्दुलबारी नगर भवन में मंगलवार को जिला पदाधिकारी छिरिड वाई भूटिया की अध्यक्षता में ‘बेहतर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की ओर’ विषय पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें जिले के सभी 100 उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को मजबूत करने के साथ छात्रों की उपस्थिति बढ़ाना था।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति तभी बढ़ेगी, जब वे रुचि और उत्साह के साथ स्कूल आएंगे। इसके लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा जरूरी है। उन्होंने विद्यालय प्रधानों को शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए 11 आयामों पर अनिवार्य रूप से काम करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि प्रधानाध्यापक केवल प्रशासनिक प्रमुख नहीं, बल्कि कुशल प्रबंधक की भूमिका निभाएं। उनके प्रदर्शन की नियमित समीक्षा की जाएगी।
कार्यशाला में दैनिक छात्र-शिक्षक उपस्थिति की निगरानी, कक्षा प्रबंधन, विद्यालय संसाधनों का बेहतर उपयोग, खेल एवं पाठ्येतर गतिविधियां, शिक्षक-अभिभावक बैठक, शैक्षणिक अनुश्रवण, विषयवार शिक्षकों का समुचित उपयोग, छात्र नेतृत्व विकास सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई। छात्रों के नियमित मूल्यांकन के लिए साप्ताहिक परीक्षा कराने का भी निर्देश दिया गया।
प्रधानाध्यापकों को प्रत्येक विद्यालय में चार सदन गठित कर उनके बीच प्रतियोगिताएं कराने की जानकारी दी गई। हेड बॉय और हेड गर्ल की व्यवस्था के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता विकसित करने पर भी जोर दिया गया। कक्षा में शिक्षकों की कमी की स्थिति में ‘सब्जेक्ट बास्केट’ के माध्यम से उपलब्ध शिक्षकों से अन्य विषयों की कक्षाएं संचालित कराने की बात कही गई।
तकनीक आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए फिलो ऐप के उपयोग पर विशेष जोर दिया गया। विद्यार्थियों को पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए इसका उपयोग कराने तथा शिकायत की स्थिति में विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
जिला पदाधिकारी ने सीएसआर के माध्यम से विद्यार्थियों को स्वेटर, जूते और मोजे उपलब्ध कराने का प्रयास करने की बात कही। भवन या पर्याप्त कक्ष नहीं रखने वाले विद्यालयों का आकलन कर उन्हें दो पालियों में संचालित करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी 11 आयामों पर शत-प्रतिशत काम होना चाहिए। स्वयं विद्यालयों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्था की जांच करेंगी। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
उन्होंने बताया कि आगे सभी प्रखंडों में मध्य एवं प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के लिए भी इसी तरह की कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। कार्यशाला के अंत में प्रधानाध्यापकों के बीच क्विज प्रतियोगिता कराकर उनके ज्ञान और समझ का आकलन किया गया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी स्थापना रमेश कुमार पाल, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी गोविंद कुमार, सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, 100 उच्च विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा शिक्षा विभाग के पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे।
पिंजौरा पंचायत में सहयोग शिविर, लाभुकों के बीच श्रमिक कार्ड, राशन कार्ड व बैंक ऋण का वितरण
जहानाबाद : काको प्रखंड की पिंजौरा पंचायत में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में कला एवं संस्कृति विभाग सह खान एवं भूतत्व विभाग, बिहार के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार एवं जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया शामिल हुईं। मंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने पदाधिकारियों एवं कर्मियों से योजनाओं, उपलब्ध सेवाओं और प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली।
मंत्री ने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को सहयोग पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड किया जाए तथा संबंधित विभाग 30 दिनों के भीतर आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निष्पादन सुनिश्चित करें।
शिविर में आंतरिक ग्रामीण रोजगार गारंटी कार्ड के तहत सात लाभुकों को जॉब कार्ड वितरित किया गया। वहीं, स्वयं सहायता समूह से जुड़ी जीविका दीदियों को रोजगार के लिए 4 करोड़ छह लाख 36 हजार रुपये का बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया। इसके अलावा ग्राम मई के अरविंद प्रसाद, रंजीत कुमार एवं अवधेश प्रसाद को राशन कार्ड निर्गत कर वितरित किया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ शिविर में प्राप्त आवेदनों की नियमित मॉनिटरिंग करने और लंबित मामलों का 30 दिनों के अंदर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने ग्रामीणों से सहयोग शिविर में पहुंचकर सरकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं का लाभ लेने की अपील की।
साइबर अपराध से बचाव को लेकर छात्रों को किया जागरूक
जहानाबाद : जहानाबाद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस की ओर से चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत पुलिस दीदी ने विद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। इस दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव, इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग, सड़क सुरक्षा, नशामुक्त जीवन और महिला सशक्तीकरण के संबंध में विस्तार से बताया गया।
पुलिस दीदी ने छात्रों को साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, किसी के साथ ओटीपी, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी। साथ ही इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारी के साथ इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के दौरान सड़क पर यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग तथा नशे से दूर रहने के प्रति भी जागरूक किया गया। छात्राओं को उनके अधिकारों और महिला सशक्तीकरण से जुड़े विषयों की जानकारी देते हुए किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
एसपी के जनता दरबार में सुनी गईं आमजनों की शिकायतें, त्वरित समाधान के दिए निर्देश
एसपी के जनता दरबार में सुनी गईं शिकायतें
जहानाबाद : पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने मंगलवार को जनता दरबार आयोजित कर आमजनों की शिकायतें सुनीं। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोग अपनी समस्याओं को लेकर जनता दरबार में पहुंचे। एसपी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित मामलों की जानकारी ली।
उन्होंने शिकायतों के त्वरित एवं नियमानुसार समाधान के लिए संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। एसपी ने अधिकारियों को आमजनों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एसपी के समक्ष अपनी बात रखी।
सात साल पुराने मामले में जहानाबाद के डीईओ पर विभागीय कार्रवाई, जांच के आदेश
जहानाबाद : जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार के खिलाफ शिक्षा विभाग ने विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्णय लिया है। यह कार्रवाई उनके सुपौल में जिला शिक्षा पदाधिकारी के पद पर कार्यरत रहने के दौरान वर्ष 2019 की मैट्रिक परीक्षा के मूल प्रमाण-पत्रों के अप्राप्त रहने के मामले से जुड़ी है।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी संकल्प के अनुसार, बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की रिपोर्ट के आधार पर तत्कालीन सुपौल डीईओ सुरेंद्र कुमार को मामले के लिए उत्तरदायी माना गया है। बताया गया है कि मैट्रिक परीक्षा-2019 के बाद सुपौल जिले के माध्यमिक विद्यालयों के कई छात्रों के मूल प्रमाण-पत्र समय पर उपलब्ध नहीं हो सके थे।
बिहार बोर्ड के सचिव की ओर से नौ सितंबर 2025 को आरोप पत्र उपलब्ध कराया गया था। इसके बाद विभाग ने अनुशासनिक प्रक्रिया शुरू करते हुए संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा था। सुरेंद्र कुमार ने 17 जून 2026 को अपना जवाब प्रस्तुत किया, लेकिन विभागीय समीक्षा में उनके स्पष्टीकरण को संतोषजनक नहीं माना गया।
इसके बाद शिक्षा विभाग ने वृहद जांच कराने का निर्णय लिया है। जांच प्रक्रिया के संचालन के लिए विभाग के संयुक्त सचिव शाहजहां को संचालन पदाधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें तीन माह के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
वर्तमान में सुरेंद्र कुमार जहानाबाद में जिला शिक्षा पदाधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। विभागीय कार्रवाई की सूचना सामने आने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों के बीच यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
फुटपाथ दुकानदारों की समस्याएं राष्ट्रीय सम्मेलन में उठाएंगे जहानाबाद के प्रतिनिधि
जहानाबाद : नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (नास्वी) की वार्षिक एजीएम में जहानाबाद जिले के फुटपाथ दुकानदारों की समस्याएं उठाई जाएंगी। सम्मेलन में प्रतिनिधित्व करने के लिए फुटपाथ दुकानदार संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा मंगलवार को दिल्ली रवाना होंगे। उनके अलावा गुंजा कुमारी एवं रोशनी देवी को भी सम्मेलन में जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए अपनी बातें रखने का अवसर मिला है।
फुटपाथ दुकानदार संघ की ओर से जारी प्रेस बयान में कहा गया है कि फुटपाथ दुकानदारों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। संगठन का आरोप है कि फुटकर विक्रेता कानून, 2014 का जिले में पूरी ईमानदारी से धरातल पर अनुपालन नहीं हो रहा है। वहीं, वेंडरों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। कोरोना काल के बाद बड़ी संख्या में लोग दूसरे राज्यों में रोजगार की तलाश में जाने के बजाय अपने जिले में ही सड़क किनारे छोटे-मोटे कारोबार के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं।
संगठन ने आरोप लगाया कि सड़क किनारे रोजगार करने वाले फुटपाथ दुकानदारों को कई बार प्रशासन एवं पुलिस की कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। बयान में कहा गया कि यदि फुटकर विक्रेता कानून का प्रभावी अनुपालन करते हुए व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित किए जाएं तो फुटपाथ दुकानदारों को सम्मानजनक तरीके से रोजगार करने का अवसर मिल सकता है।
संघ ने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बड़े उद्योग एवं पूंजी निवेश को बढ़ावा देने के बीच छोटे दुकानदारों की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है। संगठन ने जिला परिषद की जमीन के आवंटन को लेकर भी जांच और पारदर्शिता की मांग उठाई है।
संघ के प्रतिनिधियों का कहना है कि दिल्ली में आयोजित वार्षिक सम्मेलन में जहानाबाद के फुटपाथ दुकानदारों की समस्याओं, वेंडिंग जोन के विकास, कानून के अनुपालन तथा रोजगार की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से रखा जाएगा।
पुलिस केंद्र में नियमित परेड का निरीक्षण
जहानाबाद : पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देश पर मंगलवार को पुलिस केंद्र, जहानाबाद में नियमित परेड का निरीक्षण किया गया। पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) के नेतृत्व में आयोजित परेड के दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की शारीरिक दक्षता, अनुशासन, टर्नआउट, ड्रिल तथा परेड की कार्यकुशलता का बारीकी से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस बल की गतिविधियों और अनुशासन की स्थिति का मूल्यांकन किया गया। इसके बाद पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को कर्तव्य के प्रति सजग और प्रतिबद्ध रहने का निर्देश दिया गया। साथ ही उच्च स्तर का अनुशासन, व्यावसायिक दक्षता एवं उत्कृष्ट कार्यशैली बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
चोरी की मोटरसाइकिल के साथ आरोपित गिरफ्तार
जहानाबाद : मखदुमपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मखदुमपुर थाना क्षेत्र के चंदई गांव निवासी निरंजन दास (30) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई कर आरोपित को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया। इस संबंध में मखदुमपुर थाना कांड संख्या 765/26, दिनांक 14 सितंबर 2026 के तहत बीएनएस की धारा 303(2)/317(2) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
सूफी महोत्सव में निजामी बंधुओं की होगी खास प्रस्तुति
स्थानीय व राज्यस्तरीय कलाकारों को भी मिलेगा प्रतिभा दिखाने का अवसर
जहानाबाद : जिले की सूफियाना विरासत और समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को बढ़ावा देने के लिए सूफी महोत्सव 2026 के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव में देश के प्रसिद्ध सूफी एवं कव्वाली कलाकार निजामी बंधु विशेष प्रस्तुति देंगे। उनकी प्रस्तुति आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगी।
महोत्सव की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिला पदाधिकारी छिरिड़ वाई भूटिया की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभा कक्ष में निविदा में चयनित एजेंसियों के साथ बैठक हुई। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, कलाकारों की सहभागिता, आयोजन की गुणवत्ता और बेहतर प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
महोत्सव में स्थानीय प्रतिभाओं को भी मंच देने की पहल की गई है। जिले के साथ राज्यस्तरीय कलाकारों से सूफी गायन और संबंधित सांस्कृतिक विधाओं में प्रस्तुति के लिए प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक कलाकार 16 सितंबर तक जिला कला एवं संस्कृति शाखा, विकास भवन (प्रथम तल), जहानाबाद में अपना प्रस्ताव जमा कर सकते हैं। प्राप्त प्रस्तावों के आधार पर कलाकारों का चयन किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने चयनित एजेंसी को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और आयोजन में गुणवत्ता व बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। महोत्सव के माध्यम से जहां सूफियाना संगीत और संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा, वहीं स्थानीय कलाकारों को प्रतिष्ठित मंच भी उपलब्ध होगा।
बज्र गृह व परीक्षा भवन के लिए एसएस कॉलेज की भूमि उपयुक्त, एनओसी लेने का निर्देश
जहानाबाद : जिले में बज्र गृह सह परीक्षा भवन के निर्माण की कवायद तेज हो गई है। सोमवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में भूमि उपलब्धता को लेकर समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मगध विश्वविद्यालय और एसएस कॉलेज, जहानाबाद के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में बताया गया कि बज्र गृह सह परीक्षा भवन के निर्माण के लिए करीब एक से डेढ़ एकड़ भूमि की आवश्यकता है। इसके लिए पूर्व में मगध विश्वविद्यालय और एसएस कॉलेज से भूमि उपलब्ध कराने के साथ अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) उपलब्ध कराने को कहा गया था। एनओसी नहीं मिलने के कारण निर्माण से संबंधित प्रस्ताव अब तक बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को नहीं भेजा जा सका है।
प्रशासनिक दृष्टिकोण से एसएस कॉलेज, जहानाबाद में उपलब्ध भूमि को बज्र गृह सह परीक्षा भवन के निर्माण के लिए उपयुक्त पाया गया। जिला पदाधिकारी ने उप विकास आयुक्त, भूमि सुधार उप समाहर्ता और जिला शिक्षा पदाधिकारी को मगध विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों एवं एसएस कॉलेज के प्राचार्य से समन्वय स्थापित कर जल्द एनओसी प्राप्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि एनओसी मिलने के बाद प्रस्ताव को शीघ्र बिहार विद्यालय परीक्षा समिति को भेजकर अग्रेतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, राजस्व शाखा प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
मखदुमपुर बाजार से एनडीपीएस एक्ट का नामजद आरोपित गिरफ्तार
जहानाबाद : मखदुमपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में दर्ज मामले के नामजद आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान मखदुमपुर थाना क्षेत्र के तिताहाई बिगहा निवासी राकेश कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मखदुमपुर थाना कांड संख्या 756/26 में 11 सितंबर 2026 को धारा 111(4) बीएनएस तथा 8/20(b)(ii)(A), 8/20(a) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में राकेश कुमार को नामजद आरोपित बनाया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे मखदुमपुर बाजार से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपित के विरुद्ध आगे की विधिसम्मत कार्रवाई में जुटी है।
चेन स्नैचिंग मामले में एक आरोपित गिरफ्तार
जहानाबाद : नगर थाना क्षेत्र में चेन स्नैचिंग के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान भोला कुमार, पिता श्याम सुंदर ठाकुर, निवासी रामनगर मोहल्ला, थाना नगर, जहानाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, नगर थाना कांड संख्या 873/26, दिनांक 8 सितंबर 2026 में दर्ज मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
जहानाबाद पुलिस ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आपराधिक घटनाओं में संलिप्त लोगों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तारी की जा रही है।
नाला जाम, सड़क पर बह रहा गंदा पानी, 10 दिनों से परेशान हैं लोग
जहानाबाद : मलहचक मोड़ से श्याम नगर एवं लोक नगर जाने वाली सड़क पर पिछले करीब 10 दिनों से नाले का गंदा पानी बह रहा है। सड़क पर जलजमाव और गंदगी के कारण स्थानीय लोगों के साथ राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नाला जाम होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और गंदा पानी सड़क पर फैल गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन नगर परिषद की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। सड़क पर लगातार गंदा पानी बहने से दुर्गंध के साथ संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है। सबसे अधिक परेशानी पैदल चलने वाले लोगों और आसपास के दुकानदारों को हो रही है।
लोगों का कहना है कि शहर में नाला और सड़क की साफ-सफाई के नाम पर नगर परिषद द्वारा प्रतिमाह लाखों रुपये खर्च किए जाते हैं। इसके बावजूद मुख्य सड़क पर दस दिनों से नाले का पानी बहना व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से तत्काल जाम नाले की सफाई कराकर पानी की निकासी सुनिश्चित कराने की मांग की है।
जनता दरबार में 25 शिकायतों की हुई सुनवाई, अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश
जहानाबाद : समाहरणालय स्थित ग्राम प्लैक्स भवन में सोमवार को जिला स्तरीय जनता दरबार का आयोजन किया गया। उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष के नेतृत्व में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान कुल 25 आवेदन व शिकायतें प्राप्त हुईं।
जनता दरबार में जमीन से जुड़े मामलों की संख्या अधिक रही। काको अंचल में जमाबंदी तोड़ने व अतिक्रमण, मखदुमपुर में जमाबंदी सुधार, भूदान की जमीन के अवैध निबंधन, रैयतीकरण, जमीन पर कब्जा, परिमार्जन और भूमि मापी से संबंधित शिकायतें लोगों ने रखीं। इसके अलावा आंगनबाड़ी भवन निर्माण, रोजगार के लिए बैंक ऋण, विद्युत विभाग से एनओसी, नाली निर्माण, विधानसभा चुनाव में किए गए कार्य के विपत्र भुगतान, जन वितरण प्रणाली में अनुकंपा के आधार पर अनुज्ञप्ति, ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने और अनुग्रह अनुदान के भुगतान से संबंधित मामले भी आए।
उप विकास आयुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। भूमि विवाद से जुड़े मामलों में भूमि सुधार उप समाहर्ता को सुनवाई कर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं जमाबंदी, जमीन पर कब्जा और मापी से जुड़े मामलों में राजस्व अधिकारियों को अभिलेखों की जांच के साथ स्थल सत्यापन कर समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि जनता दरबार में आने वाली शिकायतों के निष्पादन में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना होगा। आम लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
जनता दरबार में अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) तेज नारायण राय, वरीय उप समाहर्ता होता इरफान, वरीय उप समाहर्ता नेहा कुमारी, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी आकांक्षा गुप्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों का बढ़ा कद, कई स्तरों पर पदोन्नति
पटना : बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के लिए सरकार ने प्रोन्नति का आदेश जारी किया है। इसके तहत अलग-अलग स्तर के कुल 30 अधिकारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया है। प्रोन्नति के बाद अधिकारियों की जिम्मेदारियां भी बढ़ेंगी।
जारी आदेश के अनुसार मूल कोटि के 19 अधिकारियों को उप सचिव स्तर पर पदोन्नत किया गया है। वहीं, उप सचिव स्तर के आठ अधिकारियों को अपर समाहर्ता के पद पर प्रोन्नति दी गई है।
इसके अलावा अपर समाहर्ता स्तर के 10 अधिकारियों को संयुक्त सचिव के पद पर पदोन्नति मिली है। संयुक्त सचिव स्तर के तीन अधिकारियों को भी उच्चतर पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सरकार के इस निर्णय से बिहार प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों में खुशी है।
पीएम सूर्य घर योजना में 138 ऋण आवेदन लंबित, डीएम ने सोमवार तक निपटारे का दिया निर्देश
जहानाबाद : पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना की प्रगति को लेकर सोमवार को समाहरणालय में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में बैंकर्स, सोलर वेंडर्स एवं विद्युत विभाग के अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक हुई। बैठक में योजना के तहत प्राप्त आवेदन, ऋण स्वीकृति, ऋण वितरण, वेंडर एग्रीमेंट और सोलर इंस्टॉलेशन की स्थिति की समीक्षा की गई।
समीक्षा में सामने आया कि ऋण स्वीकृत होने के बाद भी 38 मामलों में ऋण वितरण लंबित है। इनमें बिहार ग्रामीण बैंक के छह, पंजाब नेशनल बैंक के 11, भारतीय स्टेट बैंक के छह और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के तीन मामले शामिल हैं। डीएम ने संबंधित बैंक प्रतिनिधियों को सोमवार तक सभी लंबित ऋण का वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
वहीं, विभिन्न बैंकों में ऋण स्वीकृति के लिए 138 आवेदन लंबित पाए गए। इनमें पीएनबी के 52, एसबीआई के 47, बैंक ऑफ इंडिया के 10, केनरा बैंक के आठ, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के सात और इंडियन बैंक के छह आवेदन शामिल हैं। डीएम ने बैंक अधिकारियों को लंबित आवेदनों की शीघ्र जांच कर ऋण स्वीकृत करने और इसके बाद तत्काल राशि वितरित करने का निर्देश दिया।
नगर क्षेत्र में आवेदन बढ़ाने पर जोर
जहानाबाद नगर क्षेत्र में योजना के अधिक से अधिक आवेदन कराने के लिए नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करने को कहा गया। वार्ड पार्षदों के घरों एवं संबंधित क्षेत्रों में आवेदन कराने के लिए कनीय अभियंताओं और सहायक अभियंताओं को क्षेत्र में सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया।
जिन उपभोक्ताओं के आवेदन पहले ही जेनरेट हो चुके हैं, उनके साथ एग्रीमेंट की प्रक्रिया जल्द पूरी कर सोलर इंस्टॉलेशन में तेजी लाने को कहा गया। डीएम ने सोलर वेंडर्स को पर्याप्त मानवबल और आवश्यक सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित कर फील्ड में काम तेज करने का निर्देश दिया, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ मिल सके। बैठक में बैंक प्रतिनिधियों के अलावा सोलर वेंडर्स, विद्युत विभाग के सहायक एवं कनीय अभियंता समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
स्कूल, बाजार व संवेदनशील स्थानों पर पुलिस दीदी की टीम की निगरानी
जहानाबाद : महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की ओर से विशेष पहल की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देश पर ‘पुलिस दीदी’ की टीम बाइक एवं स्कूटी से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग कर रही है। टीम द्वारा स्कूल, बाजार सहित संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पेट्रोलिंग के दौरान छात्राओं एवं बच्चों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। किसी भी तरह की परेशानी या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं एवं बच्चियों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के साथ ही असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखना है। टीम को अपने-अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।
जहानाबाद,स्कूल, बाजार व संवेदनशील स्थानों पर पुलिस दीदी की टीम की निगरानी
समाहरणालय में मनाया गया हिंदी दिवस, कवियों ने बांधा समां
जहानाबाद : समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, डीडीसी आदित्य कुमार पीयूष, अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) तेज नारायण राय सहित साहित्यकारों, शिक्षकों एवं छात्राओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी की सहजता और व्यापकता ही इसकी सबसे बड़ी ताकत है। हिंदी का उपयोग समाज के लगभग हर क्षेत्र में किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के साथ भाषा के विकास में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में जिले के कवियों एवं साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। डॉ. रविशंकर शर्मा, चितरंजन चैनपुरा, सुधाकर राजेंद्र, सुधाकर रवि, मनीष मिश्रा, स्मृति अनुरागिनी, डॉ. मानसी, प्रो. मनोज कुमार मिश्र, सावित्री सुमन, अजय विश्वकर्मा, ममता प्रिया, मान्या गुप्ता, नंदन कुमार, महेश कुमार मिश्र, कवि दीपक, शाश्वत सुमन पाठक, अरविंद कुमार व अमृतेश मिता ने कविता एवं साहित्यिक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में वरीय प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक, बुद्धिजीवी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं।
विधिक अधिकारों और सेवाओं की जानकारी देने को चला जागरूकता अभियान
 जहानाबाद : आमजनों को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से जिले के विभिन्न प्रखंडों में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला एवं सत्र न्यायाधीश विकास कुमार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ब्रजेश कुमार के निर्देश पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को कानूनी प्रावधानों और उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी दी गई।
जहानाबाद स्थित वृद्धाश्रम में आश्रय गृहों में रहने वाली विधवाओं एवं वृद्ध महिलाओं के लिए विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पैनल अधिवक्ता जितेंद्र कुमार सक्सेना एवं पारा विधिक स्वयंसेवक शशि भूषण कुमार सिंह ने महिलाओं को उनके विधिक अधिकार, निःशुल्क विधिक सहायता और न्याय तक आसान पहुंच के संबंध में जानकारी दी। कानूनी समस्या होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करने की प्रक्रिया भी बताई गई।
वहीं, स्थायी लोक अदालत (लोक उपयोगिता सेवाएं) को लेकर रतनी-फरीदपुर प्रखंड क्षेत्र में पारा विधिक स्वयंसेवक अरुण कुमार सिंह एवं विमल कुमार ने जागरूकता अभियान चलाया। लोगों को लोक उपयोगिता सेवाओं से जुड़े विवादों के सरल एवं सुलभ समाधान में स्थायी लोक अदालत की भूमिका के बारे में बताया गया।
इसके अलावा आगामी एक अक्टूबर से 31 दिसंबर तक प्रस्तावित मध्यस्थता अभियान को लेकर मखदुमपुर में सीता कुमारी एवं पूजा कुमारी तथा हुलासगंज में अशोक प्रसाद एवं सुरेश सिंह ने जागरूकता अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
जदयू के संस्थापक सदस्य व पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश प्रसाद कुशवाहा का निधन
जहानाबाद : जनता दल यूनाइटेड के संस्थापक सदस्यों में शामिल एवं जहानाबाद जदयू के पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश प्रसाद कुशवाहा का पटना के एक अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही जिले के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन को पार्टी और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
जगदीश प्रसाद कुशवाहा ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में संगठन और समाज के लिए लगातार कार्य किया। जहानाबाद में जदयू संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी की विचारधारा को आम लोगों तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। संगठन के कठिन दौर में भी वे कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़े रहे। सरल, सहज और मिलनसार व्यवहार के कारण कार्यकर्ताओं के बीच उनका विशेष सम्मान था।
जदयू जिलाध्यक्ष प्रो. सुशील कुमार सिन्हा ने उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कुशवाहा का निधन जहानाबाद के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की बड़ी क्षति है। उन्होंने अपना जीवन संगठन और समाज की सेवा में लगाया। वे कार्यकर्ताओं के लिए वरिष्ठ नेता के साथ-साथ मार्गदर्शक और अभिभावक की भूमिका में रहे।
जिला प्रवक्ता रजनीश कुमार बिकु ने कहा कि जगदीश प्रसाद कुशवाहा जैसे वरिष्ठ नेताओं के त्याग और समर्पण से पार्टी संगठन को मजबूत आधार मिला। उनके निधन से पार्टी को ऐसी क्षति हुई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
प्रदेश महासचिव राजू सिंह, प्रदेश सचिव दिलीप कुशवाहा, सुनीता कुमारी, निरंजन केशव, रंगनाथ शर्मा, जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह, नरेंद्र किशोर, कुंदन विमल, बैजनाथ शर्मा, मधेश्वर यादव, शंकरदेव वर्मा, मुरारी यादव, पंकज गुड्डू, मनीष शर्मा, अयोध्या निषाद, रणधीर पटेल, विनय विद्यार्थी, रामप्रवेश कुशवाहा, चंपक शर्मा, प्रेम कुमार पप्पू और इकबाल अहमद समेत जदयू के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने शोक व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत नेता के योगदान को याद करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना जताई।
भरथुआ में अवैध शराब के खिलाफ छापेमारी, 1015 लीटर जावा महुआ विनष्ट
जहानाबाद : पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देशानुसार अवैध शराब के निर्माण एवं कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भेलावर थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई। ALTF के सहयोग से पुलिस टीम ने भरथुआ गांव में छापेमारी कर करीब 1015 लीटर जावा महुआ विनष्ट किया। मौके से 50 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब निर्माण में प्रयुक्त एक भट्ठी को ध्वस्त कर दिया। साथ ही शराब बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस केंद्र में स्वच्छता अभियान, निर्माणाधीन पुलिस भवन के कार्यों की एसपी ने की समीक्षा
 जहानाबाद : पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में रविवार को पुलिस केंद्र परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने श्रमदान कर परिसर की साफ-सफाई की। एसपी ने पुलिसकर्मियों को स्वच्छता को नियमित दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
स्वच्छता अभियान के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस केंद्र परिसर में निर्माणाधीन नई पुलिस बिल्डिंग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से कार्य की स्थिति की जानकारी ली। एसपी ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य को समय पर पूरा कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।