एनीमिया मुक्त बिहार अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ
जहानाबाद। एनीमिया मुक्त बिहार अभियान का मंगलवार को जिले में शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यव्यापी अभियान का शुभारंभ किया। इसमें जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया सहित जिले के पदाधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी शामिल हुए।
इसी क्रम में सदर अस्पताल, जहानाबाद में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी ने की। मौके पर सिविल सर्जन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम समन्वयक, जिला सामुदायिक उत्प्रेरक, पिरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि एनीमिया विशेषकर महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के लिए गंभीर स्वास्थ्य समस्या है। इससे कार्यक्षमता और रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित होती है। अभियान का उद्देश्य जिले की प्रत्येक पंचायत के हर घर तक पहुंचकर एनीमिया की जांच और शत-प्रतिशत उपचार सुनिश्चित करना है। उन्होंने आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, सीएचओ, बीएचएम एवं आरबीएसके मोबाइल हेल्थ टीम को अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
सिविल सर्जन ने बताया कि अभियान 25 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक चलेगा। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों, हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों, वीएचएसएनडी सत्रों और सरकारी विद्यालयों में डिजिटल हीमोग्लोबिनोमीटर से निशुल्क हीमोग्लोबिन जांच की जाएगी। जिले में लक्ष्य के अनुसार प्रत्येक पंचायत में प्रतिदिन 20 लाभार्थियों की जांच का लक्ष्य रखा गया है।
जांच के बाद हीमोग्लोबिन स्तर के आधार पर लाल, नीली और गुलाबी आयरन की गोलियां, सिरप तथा आवश्यकता पड़ने पर एफसीएम इंजेक्शन निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। अभियान में छह माह से 19 वर्ष तक के बच्चों, किशोरियों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जांच और उपचार से संबंधित जानकारी प्रतिदिन एनीमिया मुक्त भारत एप पर अपलोड की जाएगी।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को एनीमिया मुक्त बिहार बनाने की शपथ दिलाई गई।