जिले में पराली जलाने की घटनाओं को रोकने समन्वित रूप से करें काम
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने हार्वेस्टर संचालकों एवं पराली एग्रीगेटर्स की बैठक लेकर पराली प्रबंधन के संबंध में की चर्चा
---------
---------
जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया द्वारा गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री सिसोनिया ने जिले के हार्वेस्टर संचालकों एवं पराली एग्रीगेटर्स की बैठक लेकर पराली प्रबंधन के संबंध में चर्चा की। बैठक में हार्वेस्टर संचालकों को हार्वेस्टर में स्ट्रॉ मैनेजमेंट सिस्टम (एसएमएस) अटैचमेंट लगाकर फसल कटाई की अनिवार्यता से अवगत कराया गया। साथ ही एसएमएस पर अनुदान पर क्रय करने की प्रक्रिया भी साझा की गई।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने एग्रीगेटर्स को क्षेत्र में कृषकों से संपर्क स्थापित कर बेलर यंत्र की मैपिंग करने हेतु निर्देशित किया गया, ताकि उनके कार्यक्षेत्र में पराली जलाने की घटना को रोका जा सके। साथ ही कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पराली जलाने की अधिक घटनाओं वाले हॉटस्पॉट ग्रामों में सघन जागरूकता अभियान चलाया जाए। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने बैठक में उपस्थित हार्वेस्टर संचालकों एवं पराली एग्रीगेटर्स से उनकी समस्याओं और पराली प्रबंधन के दौरान आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी को निर्देशित किया कि आपसी समन्वय एवं सहयोग से इन समस्याओं का समाधान करते हुए पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कार्य करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय, उप संचालक कृषि सहित संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।
#Raisen Department of Agriculture, Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Collector Office Raisen
5 views | Raisen, Madhya Pradesh | Nov 2, 2026