किसानों की आर्थिक मजबूती और खुशहाली सरकार की प्राथमिकता- स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल
मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस समारोह में स्वाभिमान पर्व क्विज के विजेता हुए पुरस्कृत
जिले के विजेता किसानों मिलेंगे ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी
––––
––––
रायसेन स्थित वन परिसर में आयोजित मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस समारोह का मुख्य अतिथि स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा द्वारा कन्यापूजन और दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया गया। समारोह में वीर भारत न्यास, संस्कृति विभाग के माध्यम से ‘‘कृषि लोकोत्सव 2026 के अंतर्गत 29 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक आयोजित की गई किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज-2026 के जिले के विजेता किसानों को भी पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में किसानों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, कृषि विकास, आधुनिक खेती और किसान हितैषी कार्यक्रमों की जानकारी से जोड़ने के उद्देश्य से किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस प्रतियोगिता में जिले के किसानों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपनी जानकारी एवं ज्ञान का परिचय दिया। सरकार का संकल्प है कि किसान आर्थिक रूप से सशक्त हों, उन्हें आधुनिक कृषि तकनीकों और योजनाओं का लाभ मिले तथा खेती को अधिक लाभकारी बनाया जा सके। किसान समृद्ध होगा तो प्रदेश समृद्ध होगा।
स्वाभिमान पर्व क्विज के विजेता किसान पुरस्कृत
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह में अतिथियों द्वारा किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व क्विज 2026 के जिले के विजेता किसानों को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में जिला स्तर पर ग्राम महुआखेड़ा निवासी श्री सत्मेश बघेल को प्रथम पुरस्कार में ट्रेक्टर, ग्राम उदयपुरा निवासी श्री सदशिव पाठक को द्वितीय पुरस्कार में बुलेट बाईक तथा तृतीय स्थान पर रहे ग्राम अनहोरी निवासी श्री बब्लू शर्मा को ई-स्कूटी प्रदान की जा रही है। सभी विजेताओं को उक्त पुरस्कार सामग्री की राशि डीबीटी के माध्यम से बैंक खाते में हस्तांतरित की जा रही है।
किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और प्रदेश सरकार को धन्यवाद देते हुए कहा कि सरकार द्वारा किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ पाकर किसाान आर्थिक उन्नति की ओर अग्रसर हैं। विजेता किसानों ने कहा कि यह बहुत प्रसन्नता की बात है कि प्रदेश में पहली बार इतनी बड़ी संख्या में एक साथ किसानों को ट्रैक्टर, बुलेट मोटरसाइकिल और ई-स्कूटी जैसे उपयोगी पुरस्कार प्रदान किए जा रहे हैं। यह किसानों के ज्ञान, सहभागिता और परिश्रम के सम्मान का अवसर है।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Collector Office Raisen