▪️कलेक्टर श्री सिसोनिया की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न
▪️ सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए गंभीरता से काम करने के दिए निर्देश
▪️ एक सप्ताह तक चलेगा सघन यातायात जांच अभियान
––––
––––
कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी पुलिस अधीक्षक श्री अंकित जायसवाल, अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय, एएसपी श्री दीपक नायक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने सभी एसडीएम, एसडीओपी एवं संबंधित अधिकारियों को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाने तथा पूर्व में दिए गए निर्देशों का शीघ्र पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
➡️ कलेक्टर श्री सिसोनिया ने आगामी शीतकाल में कोहरे के कारण संभावित सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अभी से प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हाईवे एवं अन्य प्रमुख सड़कों पर कोई भी वाहन अनावश्यक रूप से खड़ा न रहे। साथ ही दीपावली एवं देवउठनी ग्यारस जैसे आगामी त्योहारों के दृष्टिगत यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए।
➡️ बैठक में कलेक्टर श्री सिसोनिया ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान चलाकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसमें बिना हेलमेट एवं सीट बेल्ट के वाहन चलाने, शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रिंक एंड ड्राइव) तथा नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने के मामलों पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। उन्होंने अधिकारियों को एक सप्ताह तक सघन यातायात जांच अभियान संचालित करने के निर्देश भी दिए।
➡️ कलेक्टर श्री सिसोनिया ने सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन और विशेषकर विद्यार्थियों को जागरूक करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्कूलों में जागरूकता अभियान आयोजित किए जाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से उनके माता-पिता एवं परिजनों से भी यातायात नियमों का पालन करने की अपील कराई जाए, ताकि सड़क सुरक्षा के प्रति समाज में जिम्मेदारी की भावना विकसित हो।
➡️उन्होंने जिले के सभी निजी एवं सांदीपनि स्कूलों में संचालित बसों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बसों में कार्यरत सभी ड्राइवरों एवं कंडक्टरों का चरित्र सत्यापन कराने तथा उसका प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल बसों की तकनीकी स्थिति की जांच करने, बसों को दुरुस्त रखने और वैध फिटनेस प्रमाण-पत्र सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सड़क सुरक्षा से जुड़े सभी उपायों को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाए, ताकि जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
➡️ कलेक्टर श्री सिसोनिया ने एसडीएम और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडीदीप में शाम के समय 05 बजे से रात्रि 10 बजे तक भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया जाए। आवश्यकता अनुसार बिजली के खंभों को शिफ्ट किया जाए। साथ ही सड़कों के किनारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने सीएमओ को मुनादी कराकर सड़क के दोनों और लाइन बनने के भी निर्देश दिए।
➡️ इसी प्रकार रायसेन में सागर तिराहा और सेंट फ्रांसिस स्कूल के पास बसें निर्धारित स्थल पर ही रुकें, ऐसा नहीं होने पर जुर्माना लगाया जाए। अमरवाद घाटी पर सांकेतिक चिन्ह लगाए जाएं। अभियान चलाकर सड़क किनारे पेड़ों की डालियों की छटाईं कराने और हाइवे किनारे आपातकालीन नंबर प्रदर्शित किए जाने संबंधी निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
#Raisen