सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण करें- कलेक्टर श्री सिसोनिया
टीएल बैठक में विभागवार योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए निर्देश
---------
---------
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने सीएम हेल्पलाईन, योजनाओं तथा विकास और निर्माण कार्यो की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से समीक्षा की जाए। उन्होंने 50 दिवस से अधिक समयावधि की शिकायतों को भी प्राथमिकता से निराकृत करने के लिए कहा।
उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि अनुभाग स्तर पर सीएम हेल्पलाईन की नियमित मॉनीटरिंग करें। साथ ही विभागीय सीएम हेल्पलाईन भी संतुष्टि के साथ निराकृत कराएं। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिला पंचायत सीईओ, अपर कलेक्टर तथा एसडीएम को नियमित रूप से जिला अस्पताल का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने जिले में कुपोषित बच्चों के उपचार एवं नियमित मॉनिटरिंग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों को कुपोषण की श्रेणी से बाहर लाने के लिए स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग समन्वय से कार्य करें और प्रत्येक बच्चे की स्वास्थ्य स्थिति पर सतत निगरानी रखें।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की प्रभारी कार्यपालन यंत्री को निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति व्यवस्था का स्वयं क्षेत्र में पहुंचकर निरीक्षण करें तथा जहां भी समस्या हो, उसका शीघ्र निराकरण कराएं। बैठक में संबल योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पंजीयन संबंधी आवेदनों एवं लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
इसी प्रकार सड़कों की स्थिति सुधारने के संबंध में ईई पीडब्ल्यूडी, ईई आरईएस एवं पीएमजीएसवाय के महाप्रबंधक को आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कार्य प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए। इसमें सड़क शोल्डर, पेचवर्क, रंग-रोगन सहित अन्य आवश्यक कार्य शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जहां जरूरत हो, वहां कार्य तत्काल कराए जाएं। संबंधित अधिकारी कार्य प्रारंभ होने से पहले और कार्य पूर्ण होने के बाद की फोटो भी प्रस्तुत करें, ताकि कार्यों की वास्तविक प्रगति का आकलन किया जा सके।
आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पटाखों की दुकानें आबादी वाले क्षेत्रों से दूर निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर संचालित हों तथा दुकानदारों द्वारा सुरक्षा संबंधी सभी नियमों का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए। प्रतिबंधित काबाइड गन के उपयोग एवं बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार निरीक्षण करने और पाए जाने पर जब्ती की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अविवादित नामांतरण के लंबित प्रकरणों का परीक्षण कर शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर ऐसे प्रकरण अनावश्यक रूप से लंबित रखे जाने की जानकारी सामने आई है। इस प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। पात्र प्रकरणों का नियमानुसार समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभागीय योजनाओं, जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए मैदानी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों को शासन की योजनाओं और सेवाओं का समय पर लाभ मिल सके। इसी प्रकार स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी पात्र विद्यार्थियों को समय पर छात्रवृत्ति का भुगतान सुनिश्चित कराएं। छात्रवृत्ति भुगतान में कोई समस्या ना आए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, डीएफओ श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय तथा जिला अधिकारी उपस्थित रहे। विकासखण्डों से एसडीएम, जनपद सीईओ तथा सीएमओ उपस्थित रहे।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Collector Office Raisen
2 views | Raisen, Madhya Pradesh | Nov 2, 2026