मध्यप्रदेश आज विकास के नित नए आयाम स्थापित कर रहा है- स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल
किसानों की आर्थिक मजबूती और खुशहाली सरकार की प्राथमिकता- स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल
स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल के मुख्य आतिथ्य में मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस समारोह सम्पन्न
स्वाभिमान पर्व क्विज के विजेताओं को मिले ट्रैक्टर, बुलेट और ई-स्कूटी
––––
रायसेन स्थित वन परिसर में आयोजित मध्यप्रदेश का 71वां स्थापना दिवस समारोह का मुख्य अतिथि स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा द्वारा कन्यापूजन और दीप प्रज्ज्वलन कर शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन, कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया, प्रभारी एसपी श्री अंकित जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी तथा श्री राकेश शर्मा भी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल ने उपस्थित जनसमूह को मप्र स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मध्यप्रदेश आज विकास के नित नए आयाम स्थापित कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है। चाहे वह आधारभूत संरचना का सुदृढ़ीकरण हो, जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो या आत्मनिर्भर भारत की दिशा में निर्णायक कदम। उन्होंने कहा कि आज हमारा मध्यप्रदेश समग्र विकास, सुशासन और जनसेवा की भावना के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।
समरोह में सांची विधायक डॉ चौधरी ने कहा कि ऐतिहासिक, धार्मिक, सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध हमारा मध्यप्रदेश विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। यहां उज्जैन में भगवान श्रीकृष्ण ने शिक्षा प्राप्त की है। यहां मॉ नर्मदा, बेतवा, क्षिप्रा सहित अनेक जीवनदायिनी नदियां है! हमारे रायसेन जिले में भी सांची बौद्ध स्तूप, भीमबैटका, भोजपुर शिव मंदिर सहित अनेक ऐतिहासक और सांस्कृतिक विरासत हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन तथा श्री राकेश शर्मा ने भी संबोधित किया।
#Raisen