बांसवाड़ा के दाहोद मार्ग पर शनिवार सुबह लोहे के बड़े एंगल्स और पाइपों से भरा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। यह दर्दनाक हादसा मकोड़िया पुल के पास हुआ, जहां कोचिंग जा रहे दो मोटरसाइकिल सवार युवक ट्रेलर की चपेट में आ गए। हादसे में टामटिया आड़ा निवासी यशपाल डिंडोर की ट्रेलर के नीचे दबने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी विजय कटारा घायल हो गया। ट्रेलर चालक प्रवीण (निवासी सिसोद, डूंगरपुर) ने बताया कि वाहन में भारी माल लोड था और अचानक एक तरफ की चेन टूटने से गाड़ी असंतुलित होकर पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को हटवाकर शव को बाहर निकाला तथा महात्मा गांधी (एमजी) अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मार्ग पर यातायात सुचारू कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
#BanswaraNews #DahodRoadAccident #RoadAccident #AccidentNews