रामलखन उच्च विद्यालय में विधायक आलोक कुमार सिंह का औचक निरीक्षण, अव्यवस्था पर जताई नाराजगी
दिनारा प्रखंड के विसीकला स्थित रामलखन उच्च विद्यालय में दिनारा विधायक आलोक कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में कई गंभीर कमियां सामने आने पर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल विभागीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं साफ-सुथरा भोजन नहीं मिलने, कई बार कच्चा चावल परोसे जाने तथा निर्धारित व्यवस्था के अनुसार अंडा और कड़ी नहीं मिलने की शिकायत सामने आई। इसके अलावा समय पर नियमित पढ़ाई नहीं होने, बच्चों की देखभाल एवं अनुशासन पर पर्याप्त ध्यान नहीं देने की बात भी सामने आई।
विद्यालय में भोजन करने वाले स्थान पर साफ-सफाई का अभाव तथा शौचालयों की खराब और अस्वच्छ स्थिति भी विधायक ने देखी। वहीं, विद्यालय की छत पर लगा सोलर पावर प्लांट टूटकर बिखरा हुआ मिला।
विधायक ने जिला पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी बिक्रमगंज और जिला शिक्षा पदाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना देकर पूरे मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही विद्यालय की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जरूरत पड़ी तो बच्चों के हित में हर स्तर तक आवाज उठाई जाएगी।