बिहार के तीन बार मुख्यमंत्री रहे भोला पासवान शास्त्री की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि
बिहार के तीन बार पूर्व मुख्यमंत्री रहे भोला पासवान शास्त्री की आज पुण्यतिथि है। सामाजिक न्याय, शिक्षा और सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को आज भी सम्मान के साथ याद किया जाता है।
भोला पासवान शास्त्री ने वाराणसी स्थित काशी विद्यापीठ से वर्ष 1938-39 में ‘शास्त्री’ की पढ़ाई पूरी की थी। उस दौर में, जब वंचित और दलित समाज के बच्चों के लिए शिक्षा के अवसर बेहद सीमित थे, ऐसे समय में वाराणसी जाकर उच्च शिक्षा हासिल करना उनके लिए बड़ी उपलब्धि थी।
शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता के क्षेत्र में भी काम किया। इसके साथ ही वे स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय रूप से शामिल हुए। असहयोग आंदोलन और भारत छोड़ो आंदोलन में भाग लेने के कारण उन्हें जेल भी जाना पड़ा।
देश की आजादी के बाद भोला पासवान शास्त्री सक्रिय राजनीति में आए और बिहार के तीन बार मुख्यमंत्री बने। बाद में उन्होंने केंद्र में मंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली और राज्यसभा के सदस्य रहे।
सादगी, संघर्ष और सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित उनके जीवन से आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा मिलती रहेगी। पुण्यतिथि पर महान स्वतंत्रता सेनानी और जननेता भोला पासवान शास्त्री को विनम्र श्रद्धांजलि।