रोहतास डीएम का कोचस प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय में निरीक्षण
लंबित मामलों पर जताई नाराजगी, कार्यशैली सुधारने और समय पर मामलों के निष्पादन की दी कड़ी हिदायत
कोचस, रोहतास। सरकारी कार्यालयों की कार्यप्रणाली में सुधार और जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बुधवार को कोचस प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। डीएम के अचानक पहुंचने से कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, संचिकाओं के रख-रखाव और विभिन्न योजनाओं से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित फाइलों को तत्काल अद्यतन करने और मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करने का निर्देश दिया। अधिकारियों और कर्मियों को कार्यशैली में सुधार लाने तथा जवाबदेही के साथ काम करने की कड़ी हिदायत दी।
डीएम ने कार्यालय पहुंचे आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए और शिकायतों का नियमानुसार त्वरित समाधान किया जाए।
इस दौरान राशन वितरण, कन्या विवाह योजना, ट्राइसाइकिल वितरण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जीवन प्रमाणीकरण, कैश बुक और उपयोगिता प्रमाण पत्र सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई। आरटीपीएस सेवाओं को तय समय सीमा में पारदर्शी तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया।
वहीं, पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने और गांवों में जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। अंत में डीएम ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा की और स्पष्ट कहा कि जनता के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।