#बलरामपुर ! डीएम ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर व ग्राम पंचायत सचिवालय हरहाटा का किया निरीक्षण...
स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता का लिया जायजा; ओपीडी बढ़ाने और नियमित टीकाकरण के दिए निर्देश...
ऑनलाइन सेवाओं का ग्रामीणों को समयबद्ध लाभ देने तथा परिवार रजिस्टर अपडेट रखने के सख्त आदेश
#Balrampur ! आमजन को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं एवं सुलभ शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने सोमवार को विकास खंड तुलसीपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं ग्राम पंचायत सचिवालय हरहाटा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने व्यवस्थाओं को परखते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ओपीडी बढ़ाएं, टीकाकरण से न छूटे कोई पात्र
आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निरीक्षण के दौरान डीएम ने ओपीडी संचालन, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य अभिलेखों की पड़ताल की। उन्होंने निर्देश दिया कि क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूकता अभियान चलाकर ओपीडी की संख्या बढ़ाई जाए। टीकाकरण समीक्षा के दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यू लिस्ट नियमित रूप से अपडेट रखी जाए, ताकि कोई भी बच्चा या गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे।
सचिवालय में ग्रामीणों को मिले पारदर्शी व समयबद्ध सेवाएं
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत सचिवालय हरहाटा का रुख किया। वहां उन्होंने प्रदान की जा रही ऑनलाइन सेवाओं तथा परिवार रजिस्टर का बारीकी से अवलोकन किया। डीएम ने कहा कि ग्रामीणों को शासकीय सेवाओं के लिए चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए ऑनलाइन सेवाएं समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने परिवार रजिस्टर को अद्यतन रखने तथा पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
#balrampur #dmbalrampur #DMBalrampur