#Balrampur ! खेत में निकला 10 फीट लंबा अजगर, बकरी को बनाया निवाला; वन विभाग ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा...
#बलरामपुर ! जिले में स्थित रामपुर रेंज अंतर्गत ग्राम पंचायत डालपुर बकौली में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ खेत में अचानक निकले एक करीब 10 फीट लंबे विशालकाय अजगर ने बकरी को अपना शिकार बना लिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, डालपुर बकौली निवासी सुखराज यादव के खेत 'जमधारी' में मोहम्मद हनीफ की पत्नी जमीला अपनी बकरी चरा रही थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे अजगर ने अचानक हमला बोलकर बकरी को अपने जबड़े में दबोच लिया। बकरी की चीख-पुकार सुनकर जमीला ने शोर मचाया, जिस पर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके की ओर दौड़े।
जब तक लोग पहुंचे, तब तक अजगर बकरी को आधे से अधिक निगल चुका था। ग्रामीणों ने सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद अजगर के मुंह से बकरी को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और बकरी ने दम तोड़ दिया था।
वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
घटना की भनक लगते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विनय यादव ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर को सुरक्षित पकड़कर नजदीकी गहरे जंगल में छोड़ दिया।
वन विभाग के कर्मचारी खेम बहादुर श्रीवास्तव ने बताया कि रेस्क्यू किया गया अजगर लगभग 10 फीट लंबा और काफी भारी-भरकम था।
वन विभाग की अपील:
वन क्षेत्राधिकारी भोला प्रसाद ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि आसपास कहीं भी जंगली जानवर दिखाई दें, तो तुरंत वन विभाग को सूचित करें। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि किसी भी स्थिति में जंगली जीवों को न छेड़ें और न ही नुकसान पहुँचाने की कोशिश करें, ताकि समय रहते सुरक्षित कदम उठाए जा सकें।