अनियंत्रित होकर नहर में समाई स्कूल बस, बड़ा हादसा टला...
#सिद्धार्थनगर। शिवनगर डिडई थाना क्षेत्र के नदांव बगीचे के पास सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बच्चों को उनके घर छोड़कर वापस लौट रही एक निजी स्कूल की बस अचानक स्टेयरिंग फेल होने के कारण अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना के वक्त बस में कोई बच्चा मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बेलगड़ा स्थित जामिया खदीजा तुल कुबरा निशवा की बस रोजाना की तरह बच्चों को उनके गंतव्य तक पहुंचाकर लौट रही थी। जैसे ही बस नदांव बगीचे के समीप पहुंची, अचानक उसकी स्टेयरिंग ने काम करना बंद कर दिया। चालक जब तक कुछ समझ पाता और वाहन को संभालता, तब तक बस असंतुलित होकर सीधे नहर में जा उतरी।
घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों का हुजूम जुट गया। स्थानीय निवासियों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची शिवनगर डिडई पुलिस ने स्थिति को संभाला और आनन-फानन में क्रेन बुलवाकर बस को नहर से सुरक्षित बाहर निकलवाया।
स्थानीय प्रशासन व पुलिस के मुताबिक दुर्घटना में किसी भी तरह की जनहानि या चालक के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
#siddharthnagar #schoolbus