#Balrampur #गैड़ास_बुजुर्ग: सूझबूझ से बची जान, टावर पर चढ़ी 16 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने सुरक्षित उतारा
#बलरामपुर। जिले के #गैण्डास_बुजुर्ग थाना क्षेत्र अंतर्गत कुडऊ गांव में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 16 वर्षीय किशोरी अचानक गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। ग्रामीणों की नजर जैसे ही टावर पर चढ़ी किशोरी पर पड़ी, इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बिना देर किए तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पुलिस विभाग हरकत में आया। उपनिरीक्षक किसलय अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। टावर के नीचे जुटी भीड़ और किशोरी की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस टीम ने बेहद संयम और सूझबूझ से काम लिया। पुलिसकर्मियों ने किशोरी से संवाद स्थापित कर उसे सहानुभूतिपूर्वक समझाया-बुझाया और उसकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया। पुलिस की निरंतर काउंसलिंग और समझाइश रंग लाई, जिसके बाद किशोरी को सकुशल टावर से नीचे उतार लिया गया। किशोरी के सुरक्षित नीचे उतरते ही परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
मिशन शक्ति टीम ने की काउंसलिंग, परिजनों को सौंपा
घटना के बाद क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में मिशन शक्ति टीम के उपनिरीक्षक गौतम कुमार पुलिस टीम के साथ थाने पहुंचे। थाने पर मिशन शक्ति की टीम ने किशोरी की विशेष काउंसलिंग की। इस दौरान उसे उसकी सुरक्षा, अधिकारों और हितों से संबंधित आवश्यक जानकारियां दी गईं और सही मार्गदर्शन किया गया।
काउंसलिंग प्रक्रिया के समय किशोरी के परिजन और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया संपन्न होने के पश्चात किशोरी को उसकी चाची व अन्य जिम्मेदार परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस प्रशासन के अनुसार, पूरे मामले में किशोरी की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित, संवेदनशीलता और सूझबूझ से भरी कार्रवाई की गई।
#balrampur #balrampurpolice