विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी ने किया बूथों का निरीक्षण, बीएलओ को दिए आवश्यक निर्देश
हरदोई। मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को विशेष अभियान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी राहुल पाण्डेय ने तहसील सदर क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्री राम बाजपेई विद्यालय, कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय रेलवेगंज तथा कन्या प्राथमिक विद्यालय रेलवेगंज स्थित बूथों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को निर्देशित किया कि वे मतदाता सूचियों का भली-भांति परीक्षण करें तथा उनमें पाई जाने वाली त्रुटियों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ निर्धारित समयावधि में अपने बूथों पर उपस्थित रहें। साथ ही सुपरवाइजर एवं संबंधित अधिकारी लगातार भ्रमणशील रहकर बूथों का निरीक्षण करें।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 17 नवंबर 2026 को किया जा चुका है। इसके बाद मतदाता सूची में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया जारी है, जिसकी अंतिम तिथि 16 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने के लिए चार विशेष अभियान दिवस निर्धारित किए गए हैं। शनिवार को तीसरा विशेष अभियान दिवस आयोजित किया गया, जबकि 29 नवंबर 2026 को चौथा एवं अंतिम विशेष अभियान दिवस रहेगा। इन दिनों सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ उपस्थित रहेंगे तथा हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदाताओं को आवेदन फॉर्म भरने में सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए प्रपत्र-6, नाम विलोपन के लिए प्रपत्र-7 तथा नाम एवं अन्य विवरणों में संशोधन के लिए प्रपत्र-8 पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रहेंगे।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है तो वह प्रपत्र-6 भरकर अपने बीएलओ को जमा कर सकता है अथवा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकता है।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं की समस्याओं के समाधान के लिए जनपद स्तर पर हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1950 तथा 05852-234075, 05852-297417, 05852-297436 और 05852-234407 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन कार्यालय एवं तहसील कार्यालयों में भी हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है।
मतदाता Voter Helpline ऐप अथवा निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध 'Book a Call With BLO' विकल्प के माध्यम से भी अपने बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
Bilgram, Hardoi | Nov 28, 2026