हरदोई: बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, बच्चों और शिक्षिकाओं ने लिया बाल विवाह रोकने का संकल्प
हरदोई। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय, सिनेमा चौराहा, हरदोई में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला प्रोबेशन अधिकारी के आदेशानुसार आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में महिला कल्याण विभाग की सुश्री प्रियंका पाण्डेय ने बाल विवाह को गंभीर सामाजिक कुरीति एवं कानूनी अपराध बताते हुए कहा कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत लड़कियों के विवाह की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और लड़कों की 21 वर्ष निर्धारित है। बाल विवाह करने, कराने अथवा इसमें सहयोग करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकने की शपथ भी दिलाई।
श्रीमती सुरभि सिंह ने कहा कि बाल विवाह से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। कम उम्र में विवाह होने से विशेष रूप से लड़कियों में कुपोषण, एनीमिया और मातृ मृत्यु का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे आकर इस कुप्रथा को समाप्त करने में सहयोग करना चाहिए।
वहीं, सुश्री वंदना सिंह ने लोगों को बाल विवाह न करने और न कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और महिला हेल्पलाइन नंबर 181 पर सूचना दें, ताकि समय रहते इसे रोका जा सके।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती मुक्ता सिंह, समस्त शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और बाल विवाह को रोकने का संकल्प लिया।
Bilgram, Hardoi | Nov 27, 2026