हरदोई: चकबंदी कार्यों की डीएम ने की समीक्षा, लंबित मुकदमों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
हरदोई। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय ने शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में चकबंदी कार्यों की समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को लंबित वादों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में चकबंदी प्रक्रिया के तहत चल रहे कार्यों, चक निर्धारण, सीमांकन, कब्जा परिवर्तन, वरासत और चकबंदी वाले गांवों में कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने चकबंदी अधिकारियों को निर्देशित किया कि उनके न्यायालयों में लंबित वादों की नियमित सुनवाई कर उनका प्रभावी निस्तारण किया जाए। पुराने मामलों को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र निस्तारित करने तथा जिन प्रकरणों में सुनवाई पूरी हो चुकी है या आदेश पारित किया जाना संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबित न रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निस्तारण योग्य मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
डीएम ने चक निर्धारण, चक सीमांकन, किसानों की आपत्तियों, कब्जा परिवर्तन और अभिलेखों के अद्यतन से जुड़े कार्यों को नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा। उन्होंने चकबंदी वाले गांवों में कार्यों की नियमित समीक्षा करने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने उन गांवों की स्थिति पर भी विशेष ध्यान देने को कहा, जहां चकबंदी प्रक्रिया को लेकर किसानों और ग्रामीणों की ओर से विरोध या आपत्तियां सामने आ रही हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आपत्तियों को गंभीरता से सुनने और नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चकबंदी कार्यों में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता बनाए रखने और किसानों के हितों का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को अपने स्तर पर चकबंदी कार्यों की नियमित समीक्षा करने, प्रगति पर नजर रखने और लंबित प्रकरणों के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) दीपाली भार्गव सहित चकबंदी विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Bilgram, Hardoi | Nov 27, 2026