महिला ने उरई के होप हॉस्पिटल पर लगाए गंभीर आरोप, बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद ब्लैडर में दो कट होने का दावा
होप हॉस्पिटल विवाद फिर गहराया, डॉ आदिल अंसारी और फातिमा अंसारी के खिलाफ CMO से शिकायत, ₹20 हजार देकर धोखे से समझौते का वीडियो बनाने का भी आरोप
रिपोर्ट: जितेंद्र गुप्ता ✍️। बोल दो भारत । उरई (जालौन)
उरई के कालपी रोड स्थित होप हॉस्पिटल में बच्चेदानी के ऑपरेशन के दौरान कथित चिकित्सीय लापरवाही का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के ग्राम ऊमरी निवासी महिला शिवकुमारी ने अस्पताल के चिकित्सक डॉ. आदिल अंसारी और फातिमा अंसारी के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए CMO जालौन को लिखित शिकायत दी है।
शिकायत के मुताबिक महिला ने 4 जुलाई 2026 को होप हॉस्पिटल में बच्चेदानी का ऑपरेशन कराया था। महिला का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान उसके यूरिन ब्लैडर में दो जगह कट लग गए। इसके बाद लगातार यूरिन लीकेज होने से उसकी हालत बिगड़ती चली गई और गंभीर संक्रमण की स्थिति पैदा हो गई।
पीड़िता का आरोप है कि 2 अगस्त को हालत बिगड़ने पर डॉक्टर ने कथित तौर पर ₹20 हजार दिए और दूसरी जगह इलाज कराने को कहा। महिला के पति ने डॉक्टर पर भरोसा करते हुए बिना पढ़े कुछ कागजात पर हस्ताक्षर कर दिए। पीड़िता का दावा है कि अस्पताल प्रबंधन अब रुपये देते समय बनाए गए वीडियो और दस्तावेज को समझौते के तौर पर प्रचारित कर रहा है।
पीड़िता के अनुसार ग्वालियर के अपोलो और लिंक हॉस्पिटल में जांच के दौरान ब्लैडर में दो जगह कट होने की पुष्टि हुई। इलाज में करीब ₹2 लाख खर्च हो चुके हैं, जबकि आगे ₹2.5 से ₹4 लाख तक खर्च आने की बात बताई गई है।
महिला ने अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने और संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। जिलाधिकारी को पत्र देने के बाद शनिवार को पीड़िता CMO के पास भी पहुंची, जहां शिकायत लेकर उचित जांच का आश्वासन दिया गया।
पीड़िता का कहना है कि वह अपनी शिकायत लेकर दर-दर अधिकारियों के चक्कर काट रही है। वहीं स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठ रहा है कि स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में संचालित निजी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा और मानकों का कितना पालन हो रहा है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले उरई के कुंज हॉस्पिटल की रूपाली राय सचान पर भी गलत तरीके से ऑपरेशन करने के चलते एक महिला की मौत के मामले में गंभीर आरोप लगाए गए थे। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं और लोगों में यह चर्चा है कि विभाग किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार तो नहीं कर रहा।
फिलहाल होप हॉस्पिटल मामले में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता स्वास्थ्य विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
#Orai #Jalaun #HopeHospital #HopeHospitalOrai #AdilAnsari #HospitalNews #MedicalNegligence #MedicalNews #JalaunNews #OraiNews #Bhind #UttarPradesh #HealthNews #HospitalComplaint #DMJalaun #BreakingNews #BolDoBharat #LocalNews #NewsUpdate
Orai, Jalaun | Sep 12, 2026