कोंच में तमंचा लहराकर रील बनाना पड़ा भारी, युवक गिरफ्तार
कोंच। सोशल मीडिया पर तमंचे का प्रदर्शन कर रील बनाना एक युवक को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए कोंच कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अवैध तमंचा बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक सिगरेट के धुएं के छल्ले उड़ाते हुए हाथ में तमंचा लहराता नजर आया था। वीडियो को ‘रोशन भाई 302’ नाम की इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान और तलाश शुरू की।
जांच के बाद पुलिस ने आरोपी रोशन को कैलिया बाईपास स्थित नदीगांव लिंक रोड से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध तमंचा बरामद हुआ। कोतवाली प्रभारी निग्वेंद्र प्रताप ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
Orai, Jalaun | Sep 12, 2026