जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश, आठ गिरफ्तार
1.37 लाख रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते और आठ मोबाइल बरामद
उरई (जालौन)। जुआ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उरई कोतवाली पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को जुआ खेलते गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से जुए की फड़ पर रखे 1,24,100 रुपये तथा आरोपियों की तलाशी में 13,400 रुपये बरामद किए। कुल 1,37,500 रुपये नकद के अलावा 52 ताश के पत्ते और आठ मोबाइल फोन भी पुलिस के हाथ लगे।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार सिंह के अनुसार, पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जुआ खेले जाने की सूचना मिली। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे आठ लोगों को पकड़ लिया। पूछताछ में सभी के हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेलने की बात सामने आई।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में कुछ के खिलाफ पूर्व में भी जुआ अधिनियम सहित अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। उत्तम सिंह, हेमंत कुमार, आशुतोष पटेल और रामजी पांडेय के खिलाफ पहले जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई हो चुकी है। सभी आरोपियों के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की गई है।
Orai, Jalaun | Sep 12, 2026