राष्ट्रीय लोक अदालत में 2.39 लाख मामलों का निस्तारण
उरई (जालौन)। जनपद में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश विरजेन्द्र कुमार सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर लोक अदालत का शुभारंभ किया। जिले की सभी तहसीलों में स्थित न्यायालयों में भी लोक अदालत का आयोजन हुआ।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव मनाली चन्द्रा ने बताया कि लोक अदालत में न्यायालयों एवं जिला प्रशासन के माध्यम से कुल 2,39,074 मामलों का निस्तारण किया गया। विभिन्न मामलों में पक्षकारों को बड़ी संख्या में राहत दिलाई गई।
जनपद न्यायाधीश ने 41 मुकदमों का निस्तारण करते हुए 2.21 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि पक्षकारों को दिलाई। मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण में 64 मामलों में पीड़ितों को 1.32 करोड़ रुपये से अधिक की क्षतिपूर्ति दिलाई गई। कुटुम्ब न्यायालय एवं अपर कुटुम्ब न्यायालय में भी वैवाहिक और भरण-पोषण से संबंधित मामलों का निस्तारण किया गया।
विशेष न्यायालयों और विभिन्न न्यायिक अधिकारियों ने भी बड़ी संख्या में आपराधिक एवं दीवानी मामलों में सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने 2,991 आपराधिक मामलों का निस्तारण किया। वहीं, विभिन्न न्यायालयों में भी सैकड़ों मामलों का निस्तारण किया गया।
लोक अदालत में जिले की विभिन्न बैंकों के बकाया ऋण से जुड़े 577 मामलों में समझौता कराया गया। यातायात चालानों के सेतु ऐप के माध्यम से ई-पेमेंट की सुविधा का भी जनपद न्यायालय परिसर स्थित ई-सेवा केंद्र पर शुभारंभ किया गया। इसके तहत 36 मामलों का निस्तारण हुआ।
जिला मजिस्ट्रेट, अपर जिला मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट और तहसीलदार न्यायालयों द्वारा राजस्व एवं फौजदारी के 2,135 मामलों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों के प्री-लिटिगेशन स्तर के 2,29,025 मामलों का भी निस्तारण हुआ।
लोक अदालत के दौरान जनसामान्य के लिए स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। अधिकारियों के अनुसार, आपसी सुलह और समझौते के माध्यम से बड़ी संख्या में विवादों का समाधान होने से लोगों को त्वरित न्याय और राहत मिली।
Orai, Jalaun | Sep 12, 2026