लोक अदालत के बीच न्यायालय की सुरक्षा को लेकर एएसपी ने लिया जायजा
उरई (जालौन)। राष्ट्रीय लोक अदालत के आयोजन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक जालौन ने न्यायालय परिसर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया।
एएसपी ने न्यायालय में तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था के साथ प्रवेश और निकास मार्गों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परिसर के महत्वपूर्ण स्थानों और सुरक्षा प्रबंधों को भी परखा।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरती जाए। न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष नजर रखने के साथ किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरतने को कहा गया।
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
Orai, Jalaun | Sep 12, 2026