#Balrampur ! #उतरौला_हत्याकांड_में_नया_मोड़: मृतक की पत्नी ने दी दूसरी तहरीर, महिला समेत 7 अन्य के नाम किए शामिल...
बकरी के छत पर जाकर गेहूं खाने के विवाद में शनिवार को हुई थी अलमदार हुसैन की हत्या...
सदमे के कारण पहली तहरीर में अधूरे नाम देने की बात कहकर पीड़िता ने की सख्त कार्रवाई की मांग...
#बलरामपुर (#उतरौला)। कोतवाली उतरौला क्षेत्र में पड़ोसी के छत पर सूख रहे गेहूं को बकरी के खाने के मामूली विवाद में हुई अलमदार हुसैन की हत्या के मामले में रविवार सुबह नया मोड़ आ गया। मृतक की पत्नी नजमा बानो ने कोतवाली पुलिस को दूसरी तहरीर सौंपते हुए मुख्य आरोपी के अलावा एक महिला समेत सात अन्य लोगों को नामजद किया है।
पीड़िता नजमा बानो ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि शनिवार (21 नवंबर) शाम करीब चार बजे उनकी बकरी पड़ोसी अरुण वर्मा की छत पर चली गई थी, जहां सूख रहे गेहूं को बकरी ने खा लिया। इसी बात को लेकर उनके पति अलमदार हुसैन और अरुण वर्मा के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
तहरीर के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर अरुण वर्मा ने फोन कर अजय, लाले, कल्लू, समर पटेल उर्फ सुधीर (पुत्र राम किशोर), दिवाकर और विक्रम (पुत्र परमेश्वर प्रसाद) को बुला लिया। आरोप है कि इन सभी ने अरुण कुमार की पत्नी के साथ मिलकर नजमा बानो के घर में घुसकर अलमदार हुसैन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने उन्हें लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा, जिससे उनके मुंह से खून आने लगा। परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
नजमा बानो ने पुलिस को स्पष्ट किया है कि घटना के तुरंत बाद दिए गए पहले प्रार्थना पत्र के समय वह गहरे सदमे में थीं और अपने होशोहवास में नहीं थीं, जिस कारण सभी आरोपियों के नाम नहीं लिखवा सकी थीं। पीड़िता ने नई तहरीर के आधार पर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
#balrampurpolice #SPBalrampur