#Balrampur ! मिशन शक्ति के तहत ‘बहू-बेटी सम्मेलन’, महिलाओं को अधिकारों व हेल्पलाइन की दी गई जानकारी...
#बलरामपुर। मिशन शक्ति अभियान (फेज-6) के तहत शनिवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों के गांवों और कस्बों में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ आयोजित कर महिलाओं व बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान महिला बीट अधिकारियों ने ग्राम चौपाल लगाकर समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण भी किया।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और मिशन शक्ति नोडल प्रभारी अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के नेतृत्व में मिशन शक्ति व एंटी रोमियो टीमों ने यह आयोजन किया। सम्मेलनों में महिलाओं और बालिकाओं के साथ आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्री व समाजसेवियों ने भी हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, गुड टच-बैड टच और साइबर अपराध (डिजिटल अरेस्ट) जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। महिलाओं को बाल विवाह को दंडनीय अपराध बताते हुए दहेज प्रतिषेध अधिनियम, महिला अधिकारों तथा थानों में संचालित मिशन शक्ति केंद्र व परिवार परामर्श केंद्रों की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। साथ ही सरकारी योजनाओं के पंपलेट बांटे गए।
टीमों ने वूमेन पावर लाइन-1090, यूपी-112, महिला हेल्पलाइन-181, चाइल्ड लाइन-1098, साइबर हेल्पलाइन-1930, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 तथा स्वास्थ्य व एम्बुलेंस सेवाओं (102 व 108) के नंबरों की जानकारी भी दी। इसके अलावा नशा मुक्ति अभियान के तहत लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया और पुरुषों को यातायात नियमों के पालन के प्रति सचेत किया गया।
#balrampurpolice