#Balrampur ! मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का सुनहरा मौका, बलरामपुर के 1805 बूथों पर चला विशेष अभियान...
#बलरामपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत शनिवार को जनपद बलरामपुर के चारों विधानसभा क्षेत्रों के सभी 1805 मतदेय स्थलों पर विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बीएलओ अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहकर पात्र नागरिकों से आवेदन प्राप्त करते रहे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के साथ छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल कराना है।
अभियान में विशेष रूप से उन युवाओं पर जोर दिया गया, जो 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं। इसके साथ ही महिला मतदाताओं के पंजीकरण को भी प्राथमिकता दी जा रही है। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने विभिन्न मतदेय स्थलों का निरीक्षण कर बीएलओ की उपस्थिति, आवेदन प्राप्त करने और पंजीकरण कार्य की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
अधिकारियों ने विधानसभा क्षेत्र 293-उतरौला के इटई रामपुर, बभनपुरवा, गैड़ास बुजुर्ग, बारम और सेखुइया कस्बा सहित विभिन्न बूथों का निरीक्षण किया। वहीं विधानसभा क्षेत्र 294-बलरामपुर में भी विशेष अभियान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
निर्वाचन विभाग के अनुसार 17 नवंबर को प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची सभी बीएलओ के पास उपलब्ध है। नागरिक अपने बूथ पर पहुंचकर अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांच सकते हैं। नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने अथवा आपत्ति के लिए फॉर्म-7 और नाम-पते में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरने की सुविधा दी गई है।
विशेष अभियान का दूसरा चरण रविवार, 22 नवंबर को भी जनपद के सभी 1805 मतदेय स्थलों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। मतदाता संबंधी जानकारी एवं शिकायतों के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 1950 भी सक्रिय है। प्रशासन ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं, ताकि कोई भी पात्र मतदाता लोकतंत्र की प्रक्रिया में भाग लेने से वंचित न रहे।