#Balrampur ! बाल श्रम मुक्त बनेगा #गैड़ास_बुजुर्ग: सभी 42 ग्राम पंचायतों में प्रस्ताव पारित, 15 दुकानों का सत्यापन...
#गैड़ास_बुजुर्ग (#बलरामपुर)।
बच्चों को शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य देने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ी पहल की है। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन के मार्गदर्शन में विकासखंड गैड़ास बुजुर्ग को पूर्ण रूप से बाल श्रम मुक्त बनाने का खाका तैयार किया गया है।
बुधवार को गैड़ास बुजुर्ग विकासखंड सभागार में खंड विकास अधिकारी की मौजूदगी में आयोजित ब्लॉक बाल संरक्षण समिति (बीसीपीसी) की बैठक में क्षेत्र की सभी 42 ग्राम पंचायतों (6 हॉटस्पॉट व 36 नॉन-हॉटस्पॉट) को बाल श्रम मुक्त घोषित करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में बच्चों को श्रम से दूर कर शिक्षा व कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी रिजवान खान ने विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए पंचायत सचिवों व स्वयं सहायता समूहों से बाल श्रम रोकने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
अभियान के तहत ब्लॉक क्षेत्र में सत्यापन कर 15 दुकानों की जांच की गई। बाल श्रम से मुक्त पाई गई दुकानों पर 'बाल श्रम मुक्त' के स्टीकर चस्पा कर व्यापारियों व आमजन को जागरूक किया गया। इस दौरान जिला परामर्शदाता अजय कुमार यादव, समाजसेवी सनी श्रीवास्तव, सुखदेव वर्मा, बाल कल्याण पुलिस अधिकारी और पंचायत सचिव उपस्थित रहे।
#balrampur #dmbalrampur #Utraula