सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत किशनगंज जिले के 1,49,806 लाभुकों के खाते में डीबीटी के माध्यम से पेंशन राशि हस्तांतरित
राज्य सरकार द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत किशनगंज जिले के कुल 1,49,806 लाभुकों को प्रतिमाह सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ प्रदान किया गया।
वर्तमान में राज्य में कुल छह प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं संचालित हैं, जिनके माध्यम से वृद्धजन, विधवा एवं दिव्यांगजन सहित समाज के कमजोर वर्गों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
माननीय मुख्यमंत्री बिहार द्वारा आज राज्य के सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से पेंशन राशि हस्तांतरित की गई। इस क्रम में पूरे बिहार के 1,05,67,975 लाभुकों को माह अगस्त , 2026 के लिए ₹1100 प्रति लाभुक की दर से कुल ₹12,33,86,79,800 (बारह अरब तैतीस करोड़ छियासी लाख उनासी हजार आठ सौ रुपये) की राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी गई।
वहीं किशनगंज जिले के 1,49,806 लाभुकों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से कुल ₹18,24,93,200 (अठारह करोड़ चौबीस लाख तेरानबे हजार दो सौ रुपये) की राशि हस्तांतरित की गई।
इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री बिहार सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि अंतरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। किशनगंज जिले में इसका लाइव प्रसारण कार्यक्रम समाहरणालय स्थित एनआईसी कक्ष में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत वरीय उप समाहर्ता- सह - सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, श्रीति कुमारी द्वारा की गई। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि अब प्रत्येक माह की 10 तारीख को पेंशन की राशि डीबीटी के माध्यम से लाभुकों के खातों में हस्तांतरित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल वृद्धजनों एवं अन्य पात्र लाभुकों को आर्थिक सुरक्षा एवं सम्मान प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर नवीन कुमार, जिला पदाधिकारी, किशनगंज ने कहा कि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का उद्देश्य समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को आर्थिक सहायता प्रदान कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाना तथा उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन यापन के लिए सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों के लिए यह एक सकारात्मक एवं सम्मानजनक पहल है तथा राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण एवं उत्थान हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में उपस्थित लाभुकों ने सरकार की इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए माननीय मुख्यमंत्री बिहार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया। साथ ही जिला प्रशासन के द्वारा अपील की गई है कि जितने भी लाभुकों का जीवन प्रमाणीकरण एवं आधार सीडिंग नहीं हुआ है वो जल्द से जल्द करा ले ताकि पेंशन का राशि सही समय पे भुगतान हो सके।
इस कार्यक्रम में जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग के पदाधिकारी एवं कर्मीगण तथा बड़ी संख्या में पेंशन लाभुक उपस्थित रहे। District Kishanganj JEEVIKA Bihar Bihar Education Department Kishanganj Police Muse Dr Md Jawaid Nitish Kumar Dilip Jaiswal