किशनगंज जिला मुख्यालय में आज दिनांक 12 सितंबर 2026 को
सुब्रतो कप फुटबॉल प्रतियोगिता में बिहार राज्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली किशनगंज की टीम अब राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित सुब्रतो कप नेशनल टूर्नामेंट में बिहार का प्रतिनिधित्व करेगी।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 15 से 23 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी, जिसमें भाग लेने के लिए किशनगंज की टीम कल प्रातः रवाना होगी।
इस अवसर पर नवीन कुमार,जिलाधिकारी, किशनगंज द्वारा टीम के खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
जिलाधिकारी महोदय ने खिलाड़ियों से बातचीत कर उनकी तैयारियों, अनुभवों एवं अपेक्षाओं के बारे में जानकारी ली तथा उनकी बातों को गंभीरतापूर्वक सुना।
जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि किशनगंज की टीम ने बिहार में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। अब राष्ट्रीय स्तर पर भी पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता में जीत हासिल करने का प्रयास करें। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि वे अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और टूर्नामेंट जीतकर किशनगंज एवं बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करें।
जिलाधिकारी ने टीम के खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग एवं प्रोत्साहन का भरोसा दिलाया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिलाधिकारी से मिले इस उत्साहवर्धन से खिलाड़ियों में विशेष उत्साह एवं आत्मविश्वास देखने को मिला।
किशनगंज की टीम के राष्ट्रीय स्तर पर इस उपलब्धि की ओर बढ़ते कदम से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है।