
मत्स्य पालन हेतु 10 वर्ष की अवधि के लिए पट्टे पर दिया जाएगा ग्वालसागर तालाब
-
इच्छुक पंजीकृत मत्स्य सहकारी समितियां एवं मत्स्य समूह 12 दिसम्बर तक प्रस्तुत कर सकेंगे आवेदन
-
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत टीकमगढ़ द्वारा मध्यप्रदेश शासन की मत्स्य पालन नीति 2008 एवं संबंधित प्रावधानों के अंतर्गत जिले के अधिकार क्षेत्र के सिंचाई तालाबों एवं जलाशयों को मत्स्य पालन हेतु 10 वर्ष की अवधि के लिए पट्टे पर दिए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। इसके तहत विकासखंड बल्देवगढ़ के ग्वालसागर तालाब को पट्टे पर दिया जाना प्रस्तावित है। ग्वालसागर तालाब का औसत जलक्षेत्र 205.6 हेक्टेयर है। यह तालाब ग्राम बल्देवगढ़, विकासखंड बल्देवगढ़ में स्थित है। इसके लिए निर्धारित वार्षिक पट्टा राशि 15 हजार 420 रुपये रखी गई है।
इच्छुक पंजीकृत मत्स्य सहकारी समितियां, स्व सहायता समूह एवं मत्स्य समूह निर्धारित प्रारूप में अपना आवेदन पूर्ण रूप से भरकर 12 दिसम्बर 2026 तक कार्यालय जिला पंचायत टीकमगढ़ में जमा कर सकते हैं। निर्धारित समयावधि के पश्चात प्राप्त होने वाले आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।
आवेदन पत्रों के निराकरण में मध्यप्रदेश शासन की मत्स्य पालन नीति के प्रावधानों के अनुसार प्राथमिकता निर्धारित की जाएगी। प्राथमिकता क्रम में सबसे पहले संबंधित जलाशय क्षेत्र में कार्यरत पुरानी एवं पंजीकृत मत्स्य सहकारी समितियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इनके आवेदन प्राप्त नहीं होने की स्थिति में शासन के प्रावधानों के अनुसार अन्य पात्र पंजीकृत मत्स्य सहकारी समितियों एवं मत्स्य समूहों के आवेदनों पर विचार किया जाएगा। संबंधित समितियों एवं समूहों का मत्स्य पालन विभाग से मान्य एवं पंजीकृत होना आवश्यक होगा।
आवेदन के साथ समिति अथवा समूह का पंजीयन प्रमाण पत्र, जलाशय लेने संबंधी प्रस्ताव एवं ठहराव, सदस्यों की सूची, बायलॉज, विगत तीन वर्षों की अंकेक्षण रिपोर्ट तथा सदस्यों के आधार कार्ड की छायाप्रति संलग्न करना आवश्यक है। वहीं समूह के आवेदन के साथ समूह गठन का प्रस्ताव, मुखिया का चयन एवं सदस्यों की मतदाता सूची, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, जलाशय लेने संबंधी प्रस्ताव, सदस्यों के मतदाता परिचय पत्र, बीपीएल कार्ड, गरीबी रेखा सर्वेक्षण प्रमाण पत्र तथा समूह के बैंक खाते की छायाप्रति संलग्न करनी होगी।
आवेदक की आयु 18 वर्ष से कम एवं 65 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदक अथवा उसके रिश्तेदार पंचायत के पदाधिकारी नहीं होने चाहिए। जलाशय क्षेत्र में निर्धारित प्राथमिकता के अनुसार पात्रता का निर्धारण किया जाएगा। मत्स्य पालन नीति 2008 के प्रावधानों के अनुसार पट्टा राशि निर्धारित की जाएगी।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक आवेदक कार्यालय जिला पंचायत टीकमगढ़ अथवा कार्यालय सहायक संचालक मत्स्योद्योग, जिला टीकमगढ़ में शासकीय कार्यदिवसों एवं कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh