मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध और क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित
-
विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदान के महत्व से कराया अवगत
-
निर्वाचन आयोग मध्यप्रदेश, भोपाल की गाइडलाइन तथा कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशानुसार जिले में मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप प्लान) के अंतर्गत मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता से विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में आज जिले की सभी विधानसभाओं के अंतर्गत संचालित विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लार बंजरया, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-2, शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल लिधौरा, सीएम राइज स्कूल जतारा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बम्होरी कला तथा शासकीय पीजी कॉलेज टीकमगढ़ सहित अन्य शैक्षणिक संस्थान शामिल रहे। प्रतियोगिताओं में विकासखंड के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, निर्वाचन प्रक्रिया एवं मतदान के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की आवश्यकता के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया।
इन गतिविधियों का मुख्य उद्देश्य युवाओं में लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति समझ विकसित करना, निर्वाचन प्रक्रिया में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करना तथा उन्हें जिम्मेदार एवं जागरूक मतदाता बनने के लिए प्रेरित करना है।
Chief Electoral Officer Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh