विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद 2027 के अंतर्गत जिला स्तरीय चैंपियनशिप आयोजित
-
शीर्ष छह प्रतिभागी राज्य स्तरीय चरण में लेंगे भाग
-
मेरा युवा भारत एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला टीकमगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद (व्हीबीवाईएलडी) 2027 के अंतर्गत जिला स्तरीय चैंपियनशिप का आयोजन पीपीटी (प्रेजेंटेशन) राउंड के रूप में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, टीकमगढ़ में किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर कलेक्टर श्री एस.पी. मंडराह उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त खेल उपसंचालक श्री प्रदीप अभिद्रा, आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक श्री मुकेश पालीवाल, प्रोफेसर डॉ. प्रतीक्षा चौबे एवं शासकीय वीरांगना अवंतीबाई कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रागिनी यादव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में चयनित युवाओं ने जनजातीय नेतृत्व, प्राकृतिक संसाधन एवं समावेशी विकास (Tribal Leadership] Natural Resources and Inclusive Development) विषय पर अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। प्रतिभागियों ने जनजातीय समुदायों की नेतृत्व क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण एवं प्रबंधन तथा विकास की प्रक्रिया में समावेशी भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
प्रतियोगिता के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष छह प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय चरण के लिए किया जाएगा। राज्य स्तरीय चरण में चयनित प्रतिभागियों को आगे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद का राष्ट्रीय स्तर का आयोजन 11 एवं 12 जनवरी 2027 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में प्रस्तावित है।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में नेतृत्व क्षमता, रचनात्मक सोच, संवाद कौशल एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की भावना को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम का समापन जिला युवा अधिकारी श्री अनुराग शुक्ला द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री धर्मेंद्र अहिरवार, श्री पुष्पेंद्र प्रजापति एवं श्री प्रियांक खरे ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh