
जालौन में ‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0’ के तहत स्कूली वाहनों पर कार्रवाई, कई चालान और एक वाहन निरुद्ध
जितेंद्र गुप्ता ✍️। बोल दो भारत
उरई (जालौन)। छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शासन के निर्देश पर सोमवार, 14 सितंबर 2026 से जनपद जालौन में ‘मिशन सेफ फ्यूचर 3.0’ के तहत स्कूली वाहनों के विरुद्ध छह दिवसीय विशेष अभियान शुरू किया गया। यह अभियान 19 सितंबर तक चलेगा।
अभियान राजेश कुमार वर्मा, सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) झांसी के नेतृत्व में चलाया गया। अभियान के दौरान राजेश कुमार वर्मा, राजेश कुमार, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जालौन तथा आनन्द राय कुरील, यात्रीकर/मालकर अधिकारी जालौन ने मार्ग पर स्कूली वाहनों की चेकिंग की। नियमों का उल्लंघन कर संचालित पाए गए कई वाहनों के चालान किए गए, जबकि एक वाहन को निरुद्ध किया गया।
अभियान के तहत छात्राओं को घर से विद्यालय लाने-ले जाने वाले स्कूली वाहनों में एक महिला परिचर/सहायक की मौजूदगी अनिवार्य की गई है। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि महिला परिचर का पुलिस सत्यापन कराया जाना और उसका पूरा विवरण विद्यालय के अभिलेखों में सुरक्षित रखना भी जरूरी है। वाहन में जब तक अंतिम छात्रा मौजूद रहेगी, तब तक महिला परिचर का वाहन में रहना अनिवार्य होगा।
इसी क्रम में राजेश कुमार वर्मा और राजेश कुमार ने एसआर पब्लिक स्कूल, कालपी रोड उरई में विद्यालय प्रबंधन के सहयोग से कार्यशाला आयोजित की। इसमें छात्र-छात्राओं और स्कूली वाहन चालकों व परिचालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया तथा विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। इस दौरान विद्यालय के प्रबंधक अशोक कुमार राठौर, प्रधानाचार्या और समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
परिवहन विभाग ने जनपद के सभी विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों से अपील की है कि छात्राओं को ले जाने वाले प्रत्येक वाहन में प्रशिक्षित महिला परिचर/सहायक की तैनाती सुनिश्चित करें। विभाग ने चेतावनी दी है कि औचक निरीक्षण में नियमों या आवश्यक प्रपत्रों का उल्लंघन मिलने पर वाहन के साथ-साथ संबंधित विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य के विरुद्ध भी नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
#Jalaun #Orai #MissionSafeFuture3 #RoadSafety #SchoolVehicles #SchoolBusSafety #StudentSafety #GirlsSafety #TransportDepartment #RoadSafetyCampaign #TrafficRules #SchoolSafety #UttarPradesh #UPNews #JalaunNews #OraiNews #BreakingNews #LocalNews #BolDoBharat
Orai, Jalaun | Sep 14, 2026