UGC ROLL BACK के नारों से गूंजा जिलाधिकारी कार्यालय, सवर्ण संघर्ष संगठन ने रैली निकालकर राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा
सिटी सेंटर उरई से जिलाधिकारी कार्यालय तक निकली रैली, आर्थिक आधार पर आरक्षण और SC/ST एक्ट में बदलाव की मांग
रिपोर्ट: जितेंद्र गुप्ता ✍️। बोल दो भारत
जालौन। UGC की वर्तमान नियमावली और जाति आधारित आरक्षण के विरोध में सवर्ण संघर्ष संगठन जनपद जालौन की ओर से मंगलवार, 15 सितंबर 2026 को आंदोलन किया गया। आंदोलन को सफल बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उरई के सिटी सेंटर से जिलाधिकारी कार्यालय तक रैली निकाली। इस दौरान “UGC ROLL BACK” के नारे लगाए गए, जिससे जिलाधिकारी कार्यालय परिसर नारों से गूंज उठा।
रैली के बाद संगठन की ओर से राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी जालौन के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में UGC की वर्तमान नियमावली को वापस लेने, आरक्षण का आधार आर्थिक करने तथा SC/ST जैसे जाति आधारित कानूनों में बदलाव की मांग की गई।
ज्ञापन में संगठन ने कहा कि UGC की वर्तमान नियमावली देश के छात्रों को जातीय आधार पर बांटने तथा सवर्ण वर्ग के छात्र-छात्राओं को प्रभावित करने वाली है। संगठन का कहना है कि ऐसी नियमावली के कारण उच्च शिक्षा में सामान्य वर्ग के छात्र-छात्राओं के सामने कठिनाइयां उत्पन्न हो सकती हैं, इसलिए इसे तत्काल वापस लिया जाए।
संगठन ने आरक्षण को आर्थिक आधार पर लागू करने की मांग करते हुए आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा किए जाने की बात कही। ज्ञापन में पिछले 76 वर्षों में आरक्षण का लाभ कितने लोगों तक पहुंचा, इसकी समीक्षा करने तथा क्रीमी लेयर को SC/ST वर्ग के आरक्षण में भी लागू करने की मांग रखी गई।
इसके अलावा ज्ञापन में जातीय आधार पर बने SC-ST एक्ट को समाप्त करने की मांग की गई। संगठन का कहना है कि कानून के संभावित दुरुपयोग को रोकने और समाज में भेदभाव कम करने के लिए आवश्यक बदलाव किए जाने चाहिए।
सवर्ण संघर्ष संगठन ने राष्ट्रपति से ज्ञापन में उठाई गई मांगों पर गंभीरता से विचार कर देशहित में आवश्यक निर्णय लेने की अपील की। आंदोलन के दौरान संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#Jalaun #Orai #JalaunNews #UGCRollBack #UGC #SavarnSangharshSangathan #Reservation #EconomicReservation #SCSTAct #ReservationPolicy #UttarPradesh #OraiNews #DistrictMagistrate #JalaunDM #Protest #Rally #Memorandum #BreakingNews #BolDoBharat #dmjalaun #BolDoBharatNews
Orai, Jalaun | Sep 15, 2026