
लखनऊ में व्यापारी की मौत, धरने पर बैठे योगी के मंत्री संजय निषाद, बोले- पूरी चौकी बर्खास्त होनी चाहिए, गोंडा में धारदार हथियार से हमला हुआ था
गोंडा के व्यापारी की लखनऊ में इलाज के दौरान गुरुवार दोपहर मौ*त हो गई। सूचना मिलते ही मंत्री संजय निषाद केजीएमयू पहुंच कर धरने पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि लापरवाही पर पूरी चौकी बर्खास्त होनी चाहिए, नहीं तो गोंडा में भी धरना देंगे।
दरअसल, गोंडा में बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी पर बुधवार देर रात धारदार हथियारों से हमला हुआ था। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए लखनऊ लाया गया था। आज दोपहर करीब 3 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। गोंडा पुलिस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
बर्तन व्यापारी विनोद कुमार साहनी (45) परसपुर थाना क्षेत्र के रेक्सडिया गांव के रहने वाले थे। बुधवार रात करीब 8 बजे वह अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उन्हें रोककर हमला किया गया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल विनोद को पहले परसपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां से उन्हें लखनऊ केजीएमयू भेजा गया। गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
विनोद की मौत की जानकारी मिलने पर कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद लखनऊ केजीएमयू के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात की। हर संभव मदद का भरोसा दिया। डॉ. निषाद ने हमले और मौत को निंदनीय बताया।
डॉ. संजय निषाद ने परसपुर थाना अध्यक्ष, शाहपुर चौकी प्रभारी समेत संबंधित स्टाफ को बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो 11 सितंबर को गोंडा में एसपी आवास और कार्यालय का घेराव किया जाएगा।