
प्रयागराज एसटीएफ को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुजरात में ठिकाना बदलकर छिपकर रह रहे 1 लाख रुपये के इनामी बदमाश दिलबहार खान को शुक्रवार शाम सोरांव बाईपास स्थित बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। प्रतापगढ़ के देल्हूपुर (कुल्हीपुर) का रहने वाला यह कुख्यात अपराधी अपने साथियों के साथ मिलकर प्रयागराज में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में आया था।
पुलिस आयुक्त प्रयागराज ने साल 2025 के एक मामले में दिलबहार पर 1 लाख का इनाम घोषित किया था। एसटीएफ के अनुसार, यह बदमाश पिछले 15 सालों से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। इसके खिलाफ प्रयागराज, प्रतापगढ़ और अंबेडकरनगर के विभिन्न थानों में डकैती, ट्रक लूट और हत्या जैसे गंभीर अपराधों के लगभग 36 मुकदमे दर्ज हैं।
दिलबहार और उसके गिरोह पर मऊआइमा में बैंक मैनेजर नवीन कुमार की गोली मारकर हत्या करने और डकैती डालने का गंभीर आरोप है। इसके अलावा प्रतापगढ़, अंबेडकरनगर और प्रयागराज के नवाबगंज क्षेत्र में असलहे के बल पर चालकों को बंधक बनाकर ट्रक और नकदी लूटने तथा घर में घुसकर गोली मारने जैसी कई घटनाएं शामिल हैं। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह सूरत (गुजरात) में नाम-पता बदलकर रह रहा था। एसटीएफ की घेराबंदी ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
#Prayagraj_News #UPSTF #PrayagrajPolice #CrimeNews #PratapgarhNews