तीज पर पुलिस परिवार की महिलाओं ने रचाई मेहंदी, प्रतियोगिता में दिखी कलात्मकता
प्रतापगढ़। वामा सारथी के तत्वावधान में पुलिस परिवार की महिलाओं के लिए तीज पर्व के अवसर पर मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन स्थित सई कॉम्प्लेक्स में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संयुक्त मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी सदर श्रीमती अनुष्का शर्मा ने किया। प्रतियोगिता में पुलिस परिवार की महिलाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और आकर्षक एवं कलात्मक मेहंदी डिजाइनों का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट मेहंदी कलाकृति बनाने वाली प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी महिलाओं को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान पुलिस परिवार की महिलाओं में खासा उत्साह और खुशी दिखाई दी। आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ आपसी मेल-जोल और सौहार्दपूर्ण वातावरण को बढ़ावा देना रहा।